Israel Hamas War: इजराइल में फंसा BJP नेता का परिवार, 12 को थी वापसी, फिर मिली यह जानकारी
इजरायल में आतंकवादी संगठन हमास के हमले के बाद छिड़ी जंग के बीच यूपी के एक भाजपा नेता की बेटी, दामाद और नातिन फंस गए हैं। हालांकि, परिवार के लोगों का बेटी और दामाद के साथ लगातार फोन के जरिये संपर्क बना हुआ है। फिलहाल तीनों सुरक्षित भी हैं, लेकिन परिजनों को लगातार उनकी चिंता सता रही है।
बता दें कि अमरोहा जिले के आवास विकास कॉलोनी (प्रथम) में सुरेंद्र सिंह ढिल्लो का परिवार रहता है। वह भाजपा के शिक्षक विधायक डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के भतीजे व अमरोहा ब्लॉक प्रमुख गुरेंद्र सिंह ढिल्लो के भाई हैं। साथ ही वह खुद भी भाजपा संगठन में जिला मीडिया संपर्क प्रमुख की जिम्मेदारी संभालते हैं।

सुरेंद्र सिंह ढिल्लो ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 जून 2017 को उन्होंने अपनी बेटी जयदीप कौर की शादी मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र के गांव शौलदा निवासी मोहित रंधावा के साथ की थी। दंपति के एक 3 साल की बेटी कीरत कौर भी है। उन्होंने बताया कि साल 2020 में मोहित जुकरबर्ग यूनिवर्सिटी से पोस्ट डॉक्टोरल की पढ़ाई करने के लिए इजरायल गया था। बाद में उसने पत्नी जयदीप कौर और बेटी कीरत कौर को भी अपने पास इजरायल ही बुला लिया था।
सुरेंद्र सिंह ढिल्लो ने यह भी बताया कि इसी महीने मोहित, पत्नी जयदीप कौर व बेटी कीरत के साथ भारत आने वाले थे। इजरायल से उनकी फ्लाइट 12 अक्तूबर को थी। लेकिन अचानक हुए हमास के हमले के बाद इजरायल में सभी उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। लिहाजा तीनों वहीं फंस गए हैं।
उधर, चूंकि इजरायल में हालात तनावपूर्ण हैं, ऐसे में वहां फंसे बेटी, दामाद और नातिन को लेकर सुरेंद्र सिंह ढिल्लो समेत परिवार के बाकी लोग काफी परेशान हैं। हालाँकि, मोबाइल से लगातार हो रहे संपर्क ने उनकी हिम्मत बांध रखी है। सुरेंद्र सिंह ढिल्लो ने बताया कि इजरायल में जिस स्थान पर उनकी बेटी, दामाद और नातिन हैं वहां हालात सामान्य हैं। भारतीय दूतावास भी लगातार उनके संपर्क में है।












Click it and Unblock the Notifications