चीन में कोरोना विस्फोट से दहशत में दुनिया, अमेरिका में बुखार की दवाओं की बिक्री पर बने नियम
चीन में कोरोना के नये स्ट्रेन से पूरी दुनिया दहशत में है और भारी संख्या में लोगों की जान जा रही है। लिहाजा, कई देशों में कोरोना से बचने के लिए कदम उठाए जाने लगे हैं।

Covid News: चीन में कोरोना विस्फोट से पूरी दुनिया कांप गई है और ज्यादातर देशों में एक बार फिर से कोरोना को लेकर गाइडलाइंस आने लगे हैं। अमेरिका में बुखार वाली दवाइयों को लेकर नये नियम बनाए गये हैं, ताकि जरूरत के वक्त बुखार की दवाओं के लिए अफरा-तफरी ना मचे। द हिल की रिपोर्ट के मुताबिक, फार्मेसी चेन कंपनी सीवीएस और वालग्रीन्स ने बुखार को कम करने वाली दवाओं की बिक्री को फिल्टर करने का फैसला किया है। यानि, अब सीमित संख्या में ही बुखार की दवाओं की बिक्री की जाएगी, ताकि कोई भी शख्स बुखार की दवाओं की जमाखोरी ना कर सके।

बुखार की दवाओं पर नये नियम
सीवीएस और वालग्रीन्स ने बुखार कम करने वाली दवाओं की खरीद को सीमित करने के अपने फैसले की घोषणा की है। कंपनियों ने कहा है कि, बच्चों में बुखार कम करने वाली दवाओं की बढ़ती मांग और कई बीमारियों के मामलों की बढ़ती संख्या के बीच अत्यधिक खरीद की कोशिश को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है। सीवीएस ने एक बयान में कहा है कि, यह स्टोरों में बेची जाने वाली बाल चिकित्सा बुखार कम करने वाली दवाओं की संख्या को प्रति ग्राहक दो तक सीमित कर रहा है। जबकि वालग्रीन्स ने घोषणा की है, कि अत्यधिक खरीद को रोकने के लिए अब ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए एक व्यक्ति बुखार की सिर्फ 6 गोली ही खरीद सकता है।

जरूरतमंदों को ना हो दिक्कत
हिल की रिपोर्ट के मुताबिक, सीवीएस कंपनी ने कहा है कि, "हम अपने ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इन वस्तुओं तक जरूरतमंदों तक लगातार पहुंच बनी रहे, लिहाजा हम अपने आपूर्तिकर्ताओं के साथ लगातार काम कर रहे हैं।" द हिल की रिपोर्ट के अनुसार, वालग्रीन्स ने एक बयान में कहा कि, ओवर-द-काउंटर बाल चिकित्सा बुखार कम करने वाले उत्पादों की मांग में वृद्धि के कारण देश भर के खुदरा दुकानदारों को भी निर्देश दिए गये हैं। इसने आगे कहा कि, इसकी वेबसाइटें दिन भर स्टोर इन्वेंट्री के बारे में जानकारी साझा करती रहती हैं। हिल ने वालग्रीन्स के हवाले से कहा कि, "वॉलग्रीन्स के पास ऐसा नहीं है, कि दवाओं की संख्या कम हो गई है, बल्कि कंपनी की कोशिश ये है, कि हर रोगी तक जीवन रक्षक दवाओं की पहुंच हो, औरा ऐसा ना हो, कि किसी ने ऐसी दवाओं को स्टॉक करके रख लिया हो। लिहाजा, एक आदमी सिर्फ बुखार की 6 गोलियां ही खरीद सकता है, क्योंकि अमूमन एक रोगी के लिए बुखार की 6 दवाएं पर्याप्त होती हैं।"

वायरल फीवर में उछाल की आशंका
अमेरिका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केन्द्र के साथ साथ डॉक्टर्स और मेडिकल एक्सपर्ट्स ने चेतावनी जारी की है, कि आने वाले दिनों में अमेरिका में कोविड-19, वायरल फीवर, सांस संबंधी वायरस जनिक बीमारियां की लहर आ सकती है, जिसकी वजह से बुखार की दवाओं की मांग में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। लिहाजा, कंपनियों ने बुखार की दवाओं की बिक्री पर फिल्टर लगा दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक, विशेष रूप से आरएसवी एक श्वसन बीमारी है, जो शिशुओं में सबसे गंभीर लक्षण पैदा कर सकती है। 6 महीने और उससे कम उम्र के बच्चों के लिए RSV का सबसे बड़ा खतरा होता है, क्योंकि उनमें से कई के पास अभी तक मजबूत प्रतिरक्षा प्रणाली नहीं होती है।

अमेरिका में भी कोविड के मामले बढ़े
पूरे अमेरिका में COVID-19 मामलों में वृद्धि देखी जा रही है और कई क्षेत्रों में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। वहीं, विशेषज्ञों ने इस साल के फ़्लू सीज़न के बारे में भी चिंता व्यक्त की है, क्योंकि यह कई लोगों के लिए पहली सर्दी होगी, जब वे महामारी के बाद से अपनी सामान्य गतिविधियों में वापस आ गए हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले दो सालों में सामान्य फ्लू के मामले काफी कम दर्ज किए गये थे, लेकिन इस साल इसमें भी इजाफा हो सकता है। वहीं, 16 दिसंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा था, कि देशभर में एक बार फिर से कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं और उन्होंने अपनी तैयारी फिर से शुरू करने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications