30 साल बाद चमकी किस्मत, एक झटके में अरबपति बन गया 61 साल का बुजुर्ग, जानिए कैसे
मिशिगन, 27 अगस्त। भारत में एक मशहूर कहावत है 'कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती', हालांकि कई बार लोग अपनी मंजिल तक पहुंचे के लिए सालों कोशिश करते हैं लेकिन जब फिर भी सफलता नहीं मिलती तो हार मान लेते हैं। अमेरिका के मिशिगन में रहने वाला शख्स अगर ऐसा ही करता तो शायद आज वह 1 अरब से भी अधिक संपत्ति का मालिक नहीं बन पाता। आपको जानकर हैरानी होगी कि उस शख्स ने एक-दो साल नहीं बल्कि 30 सालों तक अपनी किस्मत पर भरोसा किया और कोशिश करता रहा।

30 साल बाद किस्मत ने दिया साथ
किस्मत कभी ना कभी साथ जरूर देती है, इसका अंजादा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक अमरिकी ने लॉटरी में 18.41 मिलियन डॉलर का जैकपॉट जीत लिया। उसे अपनी किस्मत पर इतना भरोसा था कि वह पिछले 30 साल से एक ही नंबर के सेट के जरिए लॉटरी खेलता रहा, अंत में उसकी किस्मत चमकी और एक झटके में वह अरबपति बन गया। शख्स ने लॉटरी के जरिए 1,36,48,77,818 रुपए अपने नाम किए।

1991 से आजमा रहे हैं अपनी किस्मत
मामला अमेरिका के मिशिगन का है जहां लॉटरी विजेता ने अपनी पहचान छिपाते हुए बताया कि उसे इसी साल 31 जुलाई को 03-05-10-20-28-31 के सभी छह नंबरों का सबसे बड़ा पुरस्कार मिला। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उसने प्रुडेनविले में फैमिली ई-जेड मार्ट से ये लकी लॉटरी टिकट खरीदा था। शख्स ने बताया कि वह साल 1991 से ही एक ही सेट की लॉटरी से अपनी किस्मत आजमा रहा है। इस दौरान शायद ही कभी कोई ड्रॉ रहा हो।

नए नंबरों के साथ कभी नहीं खेला
शख्स ने कहा, 'मैंने कई बार अलग-अलग नंबरों के सेट के साथ लॉटरी खेलने के बारे में विचार किया लेकिन हर बार पुराने नंबरों के सेट के साथ ही मैदान में उतरने का फैसला लेता था। इसका नतीजा आपके सामने हैं आज मैं अरबपति हूं।' लॉटरी विजेता ने आगे कहा, 'लॉटरी जीतने से एक रात पहले मैंने नंबरों को चेक किया। सभी छह नंबरों के सेट को मिलाने पर पता चला कि मैं लॉटरी जीत चुका हूं। मैंने अपनी संतुष्टि के लिए एक दर्जन बार नंबरों का मिलान किया। मैं चौंक गया था।'

61 साल की उम्र में बना अरबपति
एक अरब से भी अधिक रकम जीतने वाले शख्स की उम्र 61 साल बताई जा रही है, अपनी जीत के बाद उन्होंने कुल धनराशि में से करीब 11.7 मिलियन डॉलर के इनाम को लेने के लिए नकद भुगतान का विकल्प चुना था। शख्स ने अपने पैसों को परिवार के लिए बचत के लिए और कुछ धनराशि दान करने के लिए प्लान किया है। उन्होंने आगे कहा, अब मैं जीत के नशे से बाहर आ चुका हूं, मैं खुश हूं कि 30 सालों तक मैंने एक ही नंबर सेट के साथ खेलने का फैसला किया। आखिरकार मुझे इतनी बड़ी जीत मिली।
यह भी पढ़ें: किस्मत का मजाक! 'अरबपति' महिला 10 मिनट में हो गई कंगाल, खाते से उड़ गए 2 अरब 80 करोड़ रुपए












Click it and Unblock the Notifications