America: वेनेजुएला में हमले के बाद उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के घर पर हमला, पकड़ा गया हमलावर कौन?
America: उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के ओहियो स्थित घर में रात के समय सुरक्षा से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके आवास के पास एक संदिग्ध घुसपैठिया देखा गया, जिसके बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और सिनसिनाटी पुलिस तुरंत अलर्ट मोड में आ गई। यह घटना वेंस के ईस्ट वॉलनट हिल्स इलाके में स्थित, विलियम हॉवर्ड टैफ्ट ड्राइव वाले घर के आसपास हुई, जिससे पूरे इलाके में कुछ देर के लिए हलचल मच गई।
आधी रात के बाद दिखा संदिग्ध, पुलिस को दी गई सूचना
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12:15 बजे एक अमेरिकी सीक्रेट सर्विस अधिकारी ने घर के पास एक व्यक्ति को "पूर्व दिशा की ओर भागते हुए" देखा। इसके तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सिनसिनाटी पुलिस के एक डिस्पैचर ने FOX19 NOW को इस घटना की पुष्टि की। मौके से सामने आई तस्वीरों में घर की कुछ खिड़कियां टूटी हुई नजर आईं। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने पूरे इलाके में सुरक्षा घेरा बना लिया और तलाशी अभियान शुरू किया।

संदिग्ध हिरासत में, घर के अंदर घुसने में नाकाम
तेज़ कार्रवाई करते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने जल्द ही एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में अधिकारियों का मानना है कि संदिग्ध घर के अंदर घुसने में सफल नहीं हो पाया। फिलहाल न तो संदिग्ध की पहचान सार्वजनिक की गई है और न ही इस घटना के पीछे के मकसद के बारे में कोई जानकारी दी गई है। हालांकि इसका वेनेजुएला वाले अमेरिकी हमले से अभी तक संबंध स्थापित नहीं हो सकता है।
जांच जारी, आम लोगों के लिए खतरा नहीं
अधिकारियों ने यह भी साफ किया है कि इस घटना से आम जनता को फिलहाल कोई खतरा नहीं है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खिड़कियों को नुकसान कैसे पहुंचा और क्या यह सीधे तौर पर गिरफ्तार किए गए संदिग्ध से जुड़ा हुआ है या नहीं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं, ताकि घुसपैठ की कोशिश और संपत्ति को हुए नुकसान से जुड़ी सभी परिस्थितियों को साफ तौर पर समझा जा सके।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications