'डोनाल्ड ट्रंप 2020 से पहले ही अपना ऑफिस छोड़ने के लिए मजबूर हो जाएंगे'
वॉशिंगटन। अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग नहीं लाया जाएगा, बल्कि उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, यह बात बोली है पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स के वकील ने। डेनियल्स के वकील माइकल अवेनाटी ने रविवार को कहा है कि ट्रंप के वकील माइकल कोहेन के खिलाफ उनके पास पर्याप्त सबूत है, जिसमें उन्होंने उनके क्लाइंट को चुप रहने के लिए डॉलर देने की पेशकश की थी। डोनाल्ड ट्रंप के साथ रिलेशन में रहने का दावा कर चुकी स्टॉर्मी डेनियल ने अमेरिकी राष्ट्रपति के खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी ठोका है।

महाभियोग नहीं लगेगा, इस्तीफा देना होगा
डेनियल्स के वकील माइकल ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि वो कैसे अपने आप को रवाना करेंगे, लेकिन मुझे लगता है कि जो भी उन्होंने गलत किया है उसके खिलाफ हमारे बहुत सबूत है।' गार्डियन न्यूजपेपर से बात करते वक्त माइकल ने कहा कि ट्रंप पर महाभियोग नहीं लगेगा, लेकिन उन्हें खुद ही इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा और वे 2021 तक अपने ऑफिस में नहीं रुक पाएंगे।

ट्रंप के खिलाफ सबूत अमेरिकी पढ़ेंगे तो घृणा हो जाएगी
डेनियल्स के वकील ने कहा, 'हमने इस मामले की तह तक पड़ताल की है। डोनाल्ड ट्रंप और कोहेने के खिलाफ बहुत बड़ी संख्या में सबूत पेश होने जा रहे हैं और जब अमेरिकी लोग इसे पढ़ेंगे और जानेंगे तो वे खुद घृणा करने लग जाएंगे। इसके गंभीर परिणाम होंगे।'

न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर का दावा और ट्रंप की बढ़ती मुश्किलें
ट्रंप के वकील कोहेन के खिलाफ एक संघीय जांच चल रही है। ट्रंप के खिलाफ कई मुकदमे ठोक चुकी डेनियल्स ने ट्रंप और कोहेन के खिलाफ हाल ही में मानहानि का मुकदमा भी ठोका है। डेनियल्स का आरोप है कि 2016 के चुनाव में कोहेन ने 130,000 अमेरिकी डॉलर देने की पेशकश की थी। हालांकि, पिछले माह अप्रैल में डोनाल्ड ट्रंप अपने ऊपर लगे इन आरोपों को बेबुनियाद बता चुके हैं, लेकिन न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर रूडी गुलियानी ने दावा किया है कि ट्रंप ने अपने प्राइवेट अटॉर्नी माइकल कोहेन को 130,000 अमेरिकी डॉलर की वह रकम वापस कर दी थी, जो माइकल ने डेनियल्स को दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications