गाजा की लड़ाई के बीच परमाणु बम बनाने के करीब पहुंचा ईरान, अमेरिका परेशान, अब क्या करेगा इजराइल?
Iran accelerated uranium enrichment: संयुक्त राज्य अमेरिका ने उन रिपोर्टों पर गहरी चिंता जताई है, जिनमें कहा गया है, कि ईरान ने हथियार-ग्रेड यूरेनियम का उत्पादन तेज कर दिया है, यानि, ईरान तेजी से परमाणु बम बनाने के करीब पहुंच रहा है।
व्हाइट हाउस राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता की ये टिप्पणी मंगलवार देर रात अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) द्वारा जारी एक रिपोर्ट के जवाब में आई है, जिसमें चेतावनी दी गई है, कि तेहरान ने उच्च श्रेणी की सामग्री (यूरेनियम) के उत्पादन में तेजी ला दी है।

अमेरिकी प्रवक्ता ने कहा, कि "ईरान की परमाणु वृद्धि ऐसे समय में और भी अधिक चिंताजनक है, जब ईरान समर्थित प्रॉक्सी क्षेत्र में अपनी खतरनाक और अस्थिर गतिविधियों को जारी रखे हुए हैं, जिसमें हाल ही में घातक ड्रोन हमला और इराक और सीरिया में अमेरिका सुविधा केन्द्रों पर हमले किए गये है। इसके अलावा, लाल सागर और अरब सागर में वाणिज्यिक शिपिंग जहाजों के खिलाफ हूती विद्रोहियों के हमलों में तेजी आई है।"
IAEA ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, कि "उसके निरिक्षकों ने, नटानज़ और फोर्डो सुविधा केन्द्रों में जांच के दौरान पिछले साल नवंबर के मुकाबले, यूरेनियन के उत्पादन को बढ़ा हुआ पाया है, जो करीब 9 किलोग्राम तक हो गया है। ये वही स्तर है, जो ईरान ने इस साल की पहली छमाही में बनाए रखा था, जबकि ये पिछले साल जून में 3 किलोग्राम के स्तर पर था।
हालांकि, ईरान के परमाणु ऊर्जा प्रमुख ने बुधवार को इस चिंता को खारिज कर दिया और जोर देकर कहा कि ईरान ने "कुछ भी नया नहीं" किया है और वह "नियमों के अनुसार" काम कर रहा है।
ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरान के परमाणु ऊर्जा प्रमुख मोहम्मद एस्लामी ने बुधवार को आईएईए की चेतावनियों को खारिज कर दिया है।
उन्होंने कहा, ''हमने कुछ नया नहीं किया और नियमों के तहत गतिविधियां कर रहे हैं।''
ईरानी अधिकारियों ने लगातार कहा है, कि परमाणु हथियार बनाने के संबंध में उनकी कोई योजना या इरादा नहीं है।

अमेरिका-इजराइल की बढ़ी टेंशन
ऐसा कहा जा रहा था, कि ईरान ने परमाणु संधि पर अमेरिका के साथ अनौपचारिक बातचीत फिर से शुरू होने के संकेत के रूप में इस साल की शुरुआत में, अपने संवर्धन कार्यक्रम को धीमा कर दिया था। लेकिन इजराइल-गाजा युद्ध ने वाशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव बढ़ा दिया है।
पिछले महीने जारी एक गोपनीय आईएईए रिपोर्ट ने संकेत दिया था, कि ईरान का समृद्ध यूरेनियम का अनुमानित भंडार तेहरान और विश्व शक्तियों के बीच 2015 के समझौते में निर्धारित सीमा से 22 गुना से ज्यादा तक पहुंच गया है, जिससे प्रतिबंध हटाने के बदले में ईरान की परमाणु गतिविधियों को सीमित कर दिया गया था।
रिपोर्ट में कहा गया है, कि 28 अक्टूबर तक ईरान का कुल समृद्ध यूरेनियम भंडार 4,486.8 किलोग्राम (9,891.7 पाउंड) होने का अनुमान लगाया गया था, जो अगस्त से 693.1 किलोग्राम (1,528 पाउंड) अधिक है। 2015 के सौदे में ईरान की सीमा 202.8 किलोग्राम (447 पाउंड) निर्धारित की गई थी।
हालांकि, वह समझौता 2018 में टूट गया, जब तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिका को ईरान के साथ परमाणु संधि से बाहर निकाल लिया। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने वियना में बातचीत के माध्यम से समझौते को पुनर्जीवित करने की कोशिश की है, लेकिन यह प्रक्रिया 2022 की गर्मियों से रुकी हुई है।
7 अक्टूबर को इज़राइल पर हमास के हमले से पहले से ही ईरान और अमेरिका के बीच की दुश्मनी बढ़ चुकी थी, जब ईरान ने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण को समर्थन देने की पेशकश की थी।
सितंबर में, IAEA ने शिकायत की थी, कि तेहरान ने अपने कई सबसे अनुभवी निरीक्षकों को देश के परमाणु कार्यक्रम की निगरानी करने से प्रभावी ढंग से रोक दिया है।












Click it and Unblock the Notifications