क्या ईरान पर हमले की तैयारी कर रहा है अमेरिका? मिडिल ईस्ट से अपने सैनिक-राजनयिक को वापस बुलाने का आदेश
America Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार (11 मई) को कहा कि अमेरिका मध्य पूर्व से अपने कुछ कर्मियों को हटा रहा है क्योंकि यह क्षेत्र एक खतरनाक जगह हो सकता है। उन्होंने दोहराया कि अमेरिका किसी भी स्थिति में ईरान को परमाणु हथियार प्राप्त करने की अनुमति नहीं देगा। रायटर की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका इराक स्थित अपने दूतावास से आंशिक निकासी की योजना बना रहा है। साथ ही, क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा खतरे को देखते हुए अमेरिकी सैन्य कर्मियों के परिजनों को मध्य पूर्व के कई स्थानों से निकलने की अनुमति दी गई है।
हालांकि, चार अमेरिकी और दो इराकी सूत्रों ने उन विशेष सुरक्षा खतरों के बारे में जानकारी नहीं दी जिनकी वजह से यह निर्णय लिया गया। इस संभावित निकासी की खबर के बाद वैश्विक तेल बाजार में हलचल देखी गई और तेल की कीमतों में 4 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हो गई। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर तनाव अपने चरम पर है, और क्षेत्र में सैन्य टकराव की आशंका लगातार बढ़ रही है।

ईरान पर हमले की तैयारी कर रहा है इजरायल
एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि स्टेट डिपार्टमेंट ने बहरीन और कुवैत से स्वैच्छिक रूप से निकलने की अनुमति दे दी है। स्टेट डिपार्टमेंट ने बुधवार शाम को अपनी वैश्विक यात्रा सलाह को अपडेट करते हुए कहा, 11 जून को क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के कारण विदेश विभाग ने गैर-आपातकालीन अमेरिकी सरकारी कर्मियों के प्रस्थान का आदेश दिया। यह निकासी ऐसे समय में हो रही है जब क्षेत्र में हालात बेहद अस्थिर हैं। ट्रंप के ईरान के साथ परमाणु समझौते की कोशिशें ठहरती दिख रही हैं, और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि इज़राइल ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले की तैयारी कर रहा है।
ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, उन्हें हटाया जा रहा है क्योंकि यह एक खतरनाक जगह हो सकती है, देखते हैं आगे क्या होता है। हमने उन्हें हटने का नोटिस दे दिया है। जब उनसे पूछा गया कि क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए कुछ किया जा सकता है या नहीं, तो उन्होंने जवाब दिया उन्हें परमाणु हथियार नहीं मिल सकता। बहुत ही स्पष्ट है उन्हें परमाणु हथियार नहीं मिल सकता।
अमेरिका सैन्य कार्रवाई कर सकता है
ट्रंप पहले भी चेतावनी दे चुके हैं कि अगर ईरान के साथ परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत असफल होती है तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई कर सकता है। बुधवार को जारी एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि उन्हें अब कम भरोसा है कि तेहरान यूरेनियम संवर्धन रोकने के अमेरिकी आग्रह को मानेगा।
मध्य पूर्व में बड़ी संख्या में मौजूद है अमेरिकी सेना
संयुक्त राज्य अमेरिका की मध्य पूर्व के प्रमुख तेल उत्पादक देशों में सैन्य उपस्थिति है, जिनमें इराक, कुवैत, कतर, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से सैन्य कर्मियों के परिजनों के स्वैच्छिक प्रस्थान की अनुमति दे दी है। एक अन्य अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय मुख्य रूप से बहरीन में तैनात परिजनों के लिए महत्वपूर्ण है, जहां उनकी संख्या सबसे अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications