'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में दुर्लभ क्षमता', रूसी राष्ट्रपति पुतिन के 'गुरु' क्यों हुए भारतीय PM के कायल?
Alexander Dugin on Narendra Modi: अलेक्जेंडर डुगिन, एक प्रसिद्ध रूसी राजनीतिक वैज्ञानिक और दार्शनिक, जिन्हें अक्सर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का "गुरु" और राजनीति के पीछे का "दिमाग" कहा जाता है, उन्होंने भारतीय प्रधानमंत्री की जमकर तारीफ की है।
अलेक्जेंडर डुगिन, जो इस वक्त एक "निजी मिशन" के लिए भारत में हैं। उन्होंने इंडिया टीवी को दिए गये एक इंटरव्यू में कहा है, कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में ग्लोबल लीडर्स से जुड़ने की दुर्लभ क्षमता है। इसके अलावा उन्होंने, ये भी कहा, कि कैसे दुनिया बदल रही है और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के तहत भारत का भविष्य और दुनिया हिंदुत्व के उदय को कैसे देखती है?

डुगिन "रूसी दुनिया" कंसेप्ट के एक प्रमुख समर्थक हैं, जो एक आध्यात्मिक और राजनीतिक विचारधारा है, जो पारंपरिक मूल्यों, रूस की शक्ति की बहाली और दुनिया भर में सभी जातीय रूसियों की एकता पर जोर देती है। वह यूक्रेन में सेना भेजने के रूसी पुतिन के कदम के भी प्रबल समर्थक हैं। 2022 में, उनकी बेटी की मॉस्को के बाहरी इलाके में एक कार बम विस्फोट में मौत हो गई थी।
इंडिया, एक 'अखंड भारत'
डुगिन ने भारत को सिर्फ एक देश के रूप में नहीं, बल्कि "अखंड भारत" के रूप में भी संबोधित किया, जिसका अर्थ है एक एकीकृत और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राष्ट्र, जिसका इतिहास बहुत प्रभावशाली है। उन्होंने भारत की प्राचीन वैदिक परंपराओं और मूल्यों को पुनर्स्थापित करने और भारत के समृद्ध इतिहास को इसकी आधुनिक प्रगति से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, कि यह प्रयास भारत को वैश्विक मंच पर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक नेता के रूप में स्थापित करता है।
पीएम मोदी: एक ग्लोबल लीडर
डुगिन ने पीएम मोदी को एक असाधारण नेता बताया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों और विचारधाराओं के विश्व नेताओं के साथ संबंधों को संतुलित करने की दुर्लभ क्षमता है। उन्होंने भारत को एक स्वतंत्र, शक्तिशाली और सम्मानित राष्ट्र में बदलने के लिए पीएम मोदी की प्रशंसा की। डुगिन के अनुसार, पीएम मोदी के नेतृत्व ने भारत को रूस, अमेरिका और अन्य प्रमुख देशों के साथ मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंधों के साथ एक प्रमुख वैश्विक शक्ति के रूप में मान्यता दिलाई है।
दुनिया में भारत का बढ़ता कद
डुगिन ने इस बात पर जोर दिया, कि भारत का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने अपनी अर्थव्यवस्था, तकनीक और आत्मनिर्भरता को मजबूत किया है, जिससे यह वैश्विक मामलों में एक प्रमुख ताकत बन गया है। उनका मानना है कि बदलती वैश्विक व्यवस्था में भारत की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications