Alaska Summit: ट्रंप बोले, पुतिन के साथ यूक्रेन युद्ध पर कोई समझौता नहीं, पढ़ें प्रेस ब्रीफिंग की 5 बड़ी बातें
Trump-Putin Alaska Summit: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को अलास्का में करीब ढाई से तीन घंटे तक मुलाकात की। यह मुलाकात एक गर्मजोशी भरे अंदाज में शुरू हुई - हैंडशेक, मुस्कान और राष्ट्रपति की लिमोजीन में सवारी के साथ। दोनों नेताओं ने बंद कमरे में शीर्ष सलाहकारों के साथ बातचीत की और फिर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की, लेकिन न तो सवाल लिए और न ही यूक्रेन के भविष्य पर कोई ठोस जानकारी साझा की।
डोनाल्ड ट्रंप ने साफ किया कि यूक्रेन युद्ध को खत्म करने पर कोई अंतिम समझौता नहीं हो पाया। ट्रंप ने कहा कि पुतिन के साथ यूक्रेन युद्ध पर कोई समझौता नहीं हुआ है। हालांकि पुतिन ने दावा किया कि "एक समझ" बन चुकी है। ट्रंप ने कहा, "कई मुद्दों पर सहमति बन गई है, कुछ मामूली हैं, लेकिन एक सबसे अहम मुद्दे पर अभी सहमति नहीं बनी। फिर भी, हमारे पास उसे सुलझाने का अच्छा मौका है।"

डोनाल्ड ट्रंप बोले- जंग रोकना अब जेलेंस्की पर निर्भर
ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध रोकने की जिम्मेदारी अब पूरी तरह राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पर है। उनके मुताबिक, जल्द ही पुतिन और जेलेंस्की के बीच बैठक होगी, जिसमें आगे की राह तय की जाएगी।
फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने कहा, "अब यह जेलेंस्की पर निर्भर है कि समझौता पूरा हो। मेरा मानना है कि एक संयुक्त बैठक-जेलेंस्की, पुतिन और मेरे बीच-में सभी मुद्दों का समाधान निकल सकता है।"
हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि समझौते में अड़चन किन मुद्दों पर है। उन्होंने पुतिन के साथ अपनी बैठक को पूरी तरह सफल बताते हुए कहा कि इसे वह 10 में से 10 अंक देंगे।
ट्रंप बोले- पुतिन के साथ उनके संबंध हमेशा से अच्छे रहे हैं
डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में बताया कि उनकी पुतिन से हुई मुलाकात बेहद सकारात्मक रही। ट्रंप ने कहा कि पुतिन के साथ उनके संबंध हमेशा से अच्छे रहे हैं और यह दुनिया के लिए फायदेमंद है जब दो बड़ी ताकतें, खासकर परमाणु संपन्न राष्ट्र, मिलकर काम करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, "हम दुनिया में नंबर एक हैं और वे दूसरे नंबर पर हैं।" हालांकि, ट्रंप ने पुतिन से हुई बातचीत के बारे में विस्तार से जानकारी साझा नहीं की।
इस दौरान ट्रंप ने चीन को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें आश्वस्त किया है कि उनके कार्यकाल के दौरान चीन ताइवान पर हमला नहीं करेगा। ट्रंप का मानना है कि जब तक वह सत्ता में हैं, ताइवान पर हमला होने की संभावना नहीं है।
डोनाल्ड ट्रंप और पुतिन प्रेस ब्रीफिंग की 5 बड़ी बातें
🔹 3 घंटे की बंद कमरे की बातचीत, लेकिन डीटेल्स गायब - अलास्का में हुई मुलाकात में ट्रंप और पुतिन ने करीब 3 घंटे चर्चा की, मगर बातचीत में क्या हुआ, इसका खुलासा नहीं किया गया।
🔹 सिर्फ 12 मिनट की प्रेस कॉन्फ्रेंस - दोनों नेता मीडिया के सामने महज 12 मिनट बोले और किसी भी पत्रकार का सवाल नहीं लिया।
🔹 ट्रंप का बयान: बैठक सकारात्मक, लेकिन डील नहीं - ट्रंप ने कहा कि मुलाकात अच्छी रही, कई मुद्दों पर सहमति बनी, पर कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ।
🔹 पुतिन की राय: असली वजह खत्म करनी होगी - पुतिन का कहना है कि यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए उसकी जड़ वजह को खत्म करना जरूरी है।
🔹 पुतिन का दावा: ट्रंप होते तो युद्ध नहीं होता - पुतिन ने कहा कि अगर 2022 में ट्रंप राष्ट्रपति होते, तो यूक्रेन युद्ध की नौबत ही नहीं आती।












Click it and Unblock the Notifications