‘मुसलमानों का दिल रो रहा है’, अलकायदा ने खाई भारत में हमला करने की कसम, हमारी माएं निपुत्र हो जाएं, अगर...
बीजेपी प्रवक्ता की पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी को लेकर इस्लामिक देशों की तरफ से भी निंदा की गई है। वहीं, बीजेपी ने नुपूर शर्मा को 6 साल के लिए पार्टी से सस्पेंड कर दिया है।
नई दिल्ली, जून 08: बीजेपी की निलंबित नेता नुपूर शर्मा का पैगंबर को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी संगठनों में से एक अलकायदा ने भारत में हमले करने की धमकी दी है और कहा है कि, बीजेपी के नेताओं ने पैगंबर मोहम्मद को लेकर जो बयान दिया है, वो नाकाबिले बर्दाश्त है और 'भगवा आतंकियों को अब अपने अंत का इंतजार करना चाहिए।'

अलकायदा की धमकी
ओसामा बिन लादेन के बनाए आतंकवादी संगठन अलकायदा ने गुजरात, उत्तर प्रदेश, मुंबई और दिल्ली में आत्मघाती हमलों की धमकी दी है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अलकायदा ने कहा है कि, इस्लाम के संस्थापक पर बीजेपी नेताओं की टिप्पणी नाकाबिले बर्दाश्त है। रिपोर्ट के मुताबिक, 6 जून को एक धमकी भरे पत्र में अलकायदा ने चेतावनी दी है, कि 'भगवा आतंकवादियों को अब दिल्ली और बॉम्बे और यूपी और गुजरात में अपने अंत का इंतजार करना चाहिए'। अलकायदा ने अपनी धमकी भरी चिट्ठी में कहा है कि, 'वे न तो अपने घरों में और न ही अपनी गढ़वाली सेना की छावनियों में शरण पाएंगे। अगर हम अप ने प्यारे पैगंबर का बदला नहीं लेते हैं तो हमारी माताएं निपुत्र हो जाएं।"

‘मुसलमानों के दिल से बह रहा खून’
बीजेपी प्रवक्ता की पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी को लेकर इस्लामिक देशों की तरफ से भी निंदा की गई है। वहीं, बीजेपी ने नुपूर शर्मा को 6 साल के लिए पार्टी से सस्पेंड कर दिया है, जबकि नवीन कुमार को पार्टी से निकाल दिया गया है। वहीं, आतंकी संगठन अलकायदा ने कहा कि, एक भारतीय टीवी चैनल पर पैगंबर और उनकी पत्नी का "अपमान और बदनामी" की गई। पत्र में दावा किया गया है कि, 'दुनिया भर के मुसलमानों के दिलों से खून बह रहा है और बदला और प्रतिशोध की भावनाओं से भर गया है'।

‘हम सभी लोगों को मार देंगे’
अलकायदा ने अपनी धमकी में कहा है कि, 'हम उन लोगों को मार देंगे जो हमारे पैगंबर का अपमान करते हैं और हम अपने शरीर और हमारे बच्चों के शरीर के साथ विस्फोटक बांधेंगे ताकि उन लोगों को उड़ा दिया जाए, जो हमारे पैगंबर का अपमान करने की हिम्मत करते हैं। उन्हें कोई माफी या क्षमादान नहीं मिलेगा, और ना ही उन्हें कोई भी सुरक्षा बचाएगी और यह मामला निंदा या दुख के किसी भी शब्द के साथ बंद नहीं होगा'। अलकायदा ने अपनी धमकी के साथ "भारत पर कब्जा करने वाले हिंदुत्व आतंकवादियों" का उल्लेख किया गया है और कहा गया है कि "हम अपने पैगंबर की गरिमा के लिए लड़ेंगे, हम दूसरों से अपने पैगंबर के सम्मान के लिए लड़ने और मरने का आग्रह करेंगे'।

इस्लामिक देशों में भी विरोध
आपको बता दें कि, बीजेपी प्रवक्ता नुपूर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल को विवादित टिप्पणी के बाद पार्टी से बाहर कर दिया गया है, लेकिन 15 से ज्यादा इस्लामिक देशों ने बीजेपी नेताओं के बयान की निंदा की है और भारतीय राजदूतों को तलब किया है। वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि, आपत्तिजनक ट्वीट और टिप्पणियां किसी भी तरह से सरकार के विचारों को नहीं दर्शाती हैं।

तालिबान ने भी दे डाली नसीहत
पैगंबर पर टिप्पणी को लेकर कुवैत, ईरान, सऊदी अरब और पाकिस्तान ने तो नाराजगी जताई ही है, इनके साथ ही तालिबान सरकार ने भी बीजेपी प्रवक्ता के बयान पर नाराजगी जताई है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि, "हम भारत सरकार से आग्रह करते हैं कि ऐसे कट्टरपंथियों को इस्लाम के पवित्र धर्म का अपमान करने और मुसलमानों की भावनाओं को भड़काने की अनुमति न दें। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आगे कहा, अफगानिस्तान का इस्लामी अमीरात भारत में सत्ताधारी दल के एक प्रवक्ता द्वारा इस्लाम के पैगंबर के खिलाफ अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करता है। अब तक, ईरान, इराक, कुवैत, कतर, सऊदी अरब, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बहरीन, मालदीव, लीबिया और इंडोनेशिया सहित कई देशों ने बीजेपी प्रवक्ता के विवादित बयान की निंदा की है।












Click it and Unblock the Notifications