क्यों रद्द करनी पड़ी Air Canada की सैकड़ों फ्लाइट्स? 5 लाख से अधिक यात्री हुए प्रभावित
Air Canada Flights Cancelled: कनाडा की सबसे बड़ी एयरलाइन एयर कनाडा इस समय बड़ी मुश्किल में है। फ्लाइट अटेंडेंट्स की हड़ताल ने न केवल एयरलाइन की उड़ानों को रोक दिया है, बल्कि पूरी दुनिया में लाखों यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर पानी फेर दिया है। लगभग 10,000 फ्लाइट अटेंडेंट्स ने कामकाज बंद कर दिया है, जिससे 5 लाख से ज्यादा यात्रियों की फ्लाइट कैंसिल हो चुकी हैं।
सरकार और रेगुलेटरी बॉडी ने हड़ताल को रोकने के आदेश दिए हैं, लेकिन कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे पीछे नहीं हटेंगे। इस संघर्ष ने कनाडा में एयर ट्रैवल को अस्त-व्यस्त कर दिया है और अब सबकी नजरें बातचीत के नतीजे पर टिकी हैं। कर्मचारियों का कहना है कि एयरलाइन ने वेतन वृद्धि और ग्राउंड ड्यूटी (जैसे बोर्डिंग के समय का काम) का उचित भुगतान करने की मांगें नहीं मानी हैं।

यात्रियों की यात्रा पर असर
एयर कनाडा, जो दुनिया भर में 180 शहरों के लिए उड़ान भरती है, ने कहा कि हड़ताल की वजह से करीब 5 लाख यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है। कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा। रिपोर्ट्स की माने तो सैकड़ों उड़ानें इस हड़ताल से प्रभावित हुई हैं।
ये भी पढ़ें: Aviation Accident: बाल-बाल बची इंडिगो की फ्लाइट, मुंबई एयरपोर्ट पर गो-अराउंड के दौरान हुआ हादसा
सरकार और ट्रिब्यूनल का दखल
स्थिति बिगड़ने पर कनाडा की संघीय श्रम मंत्री पैटी हाजडू ने कानूनी प्रावधान का इस्तेमाल कर हड़ताल को रोकने और दोनों पक्षों को बाध्यकारी मध्यस्थता (binding arbitration) में जाने का आदेश दिया। इसके बाद कनाडा इंडस्ट्रियल रिलेशंस बोर्ड (CIRB) ने रविवार को फ्लाइट अटेंडेंट्स को काम पर लौटने का आदेश दिया।
यूनियन ने कहा आदेश नहीं मानेंगे
फ्लाइट अटेंडेंट्स की यूनियन CUPE ने साफ कहा कि वे इस आदेश का पालन नहीं करेंगे। यूनियन अध्यक्ष मार्क हैनकॉक ने कहा, "समाधान सिर्फ बातचीत की मेज पर मिल सकता है। हम उन लोगों के लिए लड़ाई जारी रखेंगे जिन्हें ग्राउंड पर घंटों काम करने के बाद भी एक पैसा नहीं मिलता।" उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एयर कनाडा सोचता है कि उड़ानें दोबारा शुरू हो जाएंगी तो यह उसकी गलती है।
वार्ता फिर शुरू, हड़ताल जारी
सोमवार शाम को यूनियन ने जानकारी दी कि एयर कनाडा के साथ वार्ता फिर शुरू हो गई है। बातचीत टोरंटो में एक मध्यस्थ की मदद से हो रही है। हालांकि यूनियन ने यह भी कहा कि "इस वक्त हड़ताल जारी है और बातचीत अभी शुरुआती दौर में है।"
विशेषज्ञ और प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया
टोरंटो विश्वविद्यालय के इंडस्ट्रियल रिलेशंस विशेषज्ञ राफेल गोमेज़ ने कहा कि यूनियन कानूनी तौर पर मजबूत स्थिति में दिख रही है। उनके मुताबिक, यह प्रावधान आम तौर पर लंबे समय से चली आ रही हड़तालों के लिए लागू होता है, न कि सिर्फ कुछ दिनों पुरानी हड़ताल के लिए।
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि आठ महीने की बातचीत के बाद भी समझौता न होना निराशाजनक है। उन्होंने कहा, "हम फ्लाइट अटेंडेंट्स की अहम भूमिका को मान्यता देते हैं और यह ज़रूरी है कि उन्हें उचित वेतन मिले।"
एयर कनाडा विवाद
एयर कनाडा ने बताया था कि 2027 तक एक सीनियर फ्लाइट अटेंडेंट की औसत सैलरी लगभग 87,000 कैनेडियन डॉलर (करीब 65,000 अमेरिकी डॉलर) होगी। लेकिन यूनियन का कहना है कि यह ऑफर महंगाई दर से नीचे और मार्केट वैल्यू से कम है। व्यापार परिषद ने पहले ही चेताया था कि अगर एयर कनाडा की हड़ताल लंबी चली तो यह पहले से मौजूद आर्थिक दबाव (अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ की वजह से) और बढ़ा सकती है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट रनवे पर फिसली, कांग्रेस सांसद थे सवार, AI504 समेत दो उड़ानें रद्द












Click it and Unblock the Notifications