पुतिन के भारत दौरे के बाद पहली बार पीएम मोदी की ट्रंप से फोन पर हुई बात, क्या घबरा गए हैं अमेरिकी राष्ट्रपति
PM Modi Trump conversation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करते हुए द्विपक्षीय सहयोग के लगातार मज़बूत होने पर संतोष व्यक्त किया।
आधिकारिक बयान के अनुसार, नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने के तरीकों पर ज़ोर दिया। उन्होंने महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, ऊर्जा, रक्षा, सुरक्षा और 21वीं सदी के भारत-अमेरिका कॉम्पैक्ट (Catalyzing Opportunities for Military Partnership, Accelerated Commerce and Technology) के तहत सहयोग विस्तार पर भी विचार किया।

ट्रंप और पीएम मोदी के बीच क्या हुई बात?
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट साक्षा की, जिसमें उन्होंने लिखा, " राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बेहद सौहार्दपूर्ण और सार्थक बातचीत की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और साथ ही क्षेत्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया। भारत और अमेरिका वैश्विक शांति, स्थिरता एवं समृद्धि के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे। बदलते भू-राजनीतिक परिदृश्य में साझा चुनौतियों का समाधान और समान हितों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति बनी। रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने हेतु दोनों संपर्क में रहेंगे।
अमेरिका की संसद में पुतिन-मोदी की फोटो पर हंगामे के बाद ट्रंप ने की बात
बता दें, ट्रंप और पीएम मोदी की ये बातचीत रूस के राष्ट्रपति पुतिन के भारत के दौरे की कारपूलिंग तस्वीर पर अमेरिका में छिड़ी बहस के तुरंत बाद हुई है। अमेरिकी कांग्रेस में भारत-अमेरिका संबंधों पर हुई चर्चा के दौरान प्रतिनिधि सिडनी कामलेगर-डव ने इस तस्वीर जिक्र करते हुए ट्रंप प्रशासन की भारत के प्रति अपनाई गई विदेश नीति पर सीधा हमला बोला था।
सांसद डव ने कहा कि "यह फोटो हज़ार शब्दों के बराबर है। ट्रंप सरकार की भारत नीति को सिर्फ यही कहा जा सकता है कि उन्होंने "अपनी नाक काटकर अपना ही नुकसान किया।" उनके अनुसार, ट्रंप की दबाव वाली कूटनीति ने भारत-अमेरिका संबंधों को कमजोर किया है, और मोदी-पुतिन की कारपूल फोटो इसी कूटनीतिक नुकसान को दिखाती है।"
पुतिन के भारत दौरे के बाद हुई ये फोन पर बात
ट्रंप और पीएम मोदी की ये बातचीत रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रधानमंत्री मोदी के साथ उच्च-स्तरीय दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली आने के कुछ ही दिनों बाद हुई। फरवरी 2022 में यूक्रेन युद्ध के बाद यह पुतिन की भारत की पहली राजकीय यात्रा थी, जिसने वैश्विक ध्यान खींचा।
ट्रंप ने भारत पर फोड़ा था टैरिफ बम
बता दें व्यापक व्यापार तनाव और भारत द्वारा रूसी तेल आयात को लेकर चिंताओं के बीच, ट्रंप ने अगस्त 2025 में अधिकांश भारतीय निर्यातों पर 50% टैरिफ लगाया था।बाज़ार पहुँच और टैरिफ नीतियों पर विवादों के कारण, 10-11 दिसंबर को भारत आए अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधिमंडल की चर्चाओं में अब तक बहुत कम प्रगति हुई है, जिससे दोनों देशों के व्यापारिक संबंध और तनावपूर्ण हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications