इस्लामिक कट्टरपंथ से तंग आकर कनाडा शरण लेने वाली सऊदी महिला उठाएगी महिलाओं के लिए आवाज
टोरंटो। सऊदी अरब में कट्टर इस्लामिक रीति रिवाजों से परेशान होकर कनाडा में शरण लेने वाली रहाफ मोहम्मद अल्कुनन ने कहा है कि अब वह महिलाओं की आजादी के लिए लड़ाई लड़ेगी। कनाडा पहुंचने के बाद मंगलवार को अपने पहले स्पीच में रहाफ ने कहा कि वह उन खुशनसीब मे से हैं, जिन्होंने सऊदी की पुरुषवादी ताकतों के खिलाफ आवाज उठाई है। सऊदी की रहने वाली रहाफ ने आरोप लगाया था कि कट्टर इस्लामिक तौर तरीकों को नहीं अपनाने की वजह से परिवार वालों ने उसे परेशान किया, जिसके बाद वह कुवैत से बैंकॉक आ गई थीं, जहां सोशल मीडिया के माध्यम से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कनाडा बड़े झंडे के साथ खड़ी रहाफ ने कहा, 'आज और आने वाले कई सालों के लिए पूरी दुनिया में मैं महिलाओं की आजादी के लिए लड़ूंगी।' सऊदी में अपने परिवार के साथ अनुभव का जिक्र करते हुए रहाफ ने कहा कि उसके परिजनों ने उसके साथ कभी भी आदर से बर्ताव नहीं किया। रहाफ ने कहा कि उसके परिवार वालों ने कभी भी उसे उसके तरीके से और जो वह बनना चाहती है, उसके लिए उसे कभी भी सपोर्ट नहीं किया।
रहाफ ने कहा, 'सऊदी अरब में लगभग सभी महिलाओं के साथ यही बर्ताव होता है। पुरुषों की अनुमति के बगैर वे न तो सांस ले पाती है और न ही कहीं जा पाती है।' इस्लाम त्याग चुकी और कनाडा में शरण लेने के बाद रहाफ ने कहा कि उनका तनाव अब खत्म हो चुका है।
प्रेस कांफ्रेंस में रहाफ ने कहा कि अब वह यहां आकर कहीं पर भी ट्रैवल कर सकती है और अपनी शादी के बारे में खुद सोच सकती है। रहाफ ने कहा कि वह कनाडा में एक सामान्य जिंदगी शुरू करेगी। कनाडा पहुंचने के तुरंत बाद रहाफ शोपिंग करने निकली, जहां उसने अपने लिए कुछ गर्म कपड़े खरीदे।












Click it and Unblock the Notifications