काबुल: सरकारी भवन पर आतंकियों ने किया हमला, 29 लोगों की मौत, 20 घायल
नई दिल्ली। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक बार फिर से बड़ा धमाका हुआ है। यह धमाका काबुल में एक सरकारी भवन में हुआ है,जिसमे 29 लोगों की जान चली गई है। जानकारी के अनुसार आतंकियों ने एक कार में बम लगाया था और सरकारी बिल्डिंग के पास इसमे धमाका कर दिया। गौर करने वाली बात यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पेंटागन को निर्देश दिया था कि अफगानिस्तान से आधी अमेरिकी सेना को वापस लाने की तैयारी करे, इसके ठीक एक हफ्ते बात यह आतंकी हमला हुआ है।

50 लोगों को बचाया गया
काबुल में यह आतंकी हमला सोमवार को दोपहर में शुरू हुआ। यह हमला अफगान मिनिस्ट्री ऑफ पब्लिक वर्क्स एंड एडमिनिस्ट्रेशन के कार्यालय के पास हुआ है। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि आतंकी बिल्डिंग के भीतर घुस गए थे। हालांकि अब हमला बंद हो गया है और अभी भी सफाई अभियान चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि वह 50 लोगों को बचाने में सफल रहे हैं जोकि बिल्डिंग के भीतर फंस गए थे। काबुल पुलिस के प्रवक्ता बसीर मुजाहिद ने बताया कि दोपहर तकरीबन 3 बजे दफ्तर के सामने एक बम धमाका हुआ, जिसके बाद कुछ हमलावर बिल्डिंग में घुस आए।
हमलावरों की पहचान नहीं
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नजीब दानिश ने बताया कि इस हमले में 29 लोगों की जान चली गई है, जिसमे एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। जबकि 20 लोग इस हमले में घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया संख्या में बदलाव आ सकता है। उन्होंने बताया कि हमारी टीम कमरों की तलाशी कर रही हैं और घायलों को ले जाने के लिए एंबुलेंस तैनात है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि तीन हमलावरों को भी मार गिराया गया है, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका कि हमलावरों की कुल संख्या कितनी है।
हमले की किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
जिस जगह पर आतंकियों ने यह हमला किया है वहां पर तमाम मंत्रालयों के दफ्तर हैं और काफी भीड़भाड़ वाला इलाका है। अभी तक इस हमले की किसी भी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।आईएस के लगातार हमलों के बाद पिछले कुछ महीनों से काबुल में हिंसा की कोई घटना सामने नहीं आई थी, लेकिन एक बार फिर से आतंकियों ने इसे अपना निशाना बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications