यूक्रेनी सेना ने अपने ही लोगों को मार डाला? रूस का दावा- मिसाइल से मार गिराया एयरक्राफ्ट, 74 लोगों की मौत
यूक्रेन की सीमा में लगे दक्षिणी बेलगोरोड में एक रूसी विमान के क्रैश होने से 74 लोगों की मौत हो गई है। इसमें यूक्रेन के 65 युद्धबंदियों के अलावा 9 चालकदल से छह सदस्य और तीन अतिरिक्त लोग सवार थे। इस हादसे के बाद रूस ने दावा किया है कि इसके पीछे यूक्रेन का हाथ है।
क्रैश के कुछ समय बाद रूस की डिफेंस मिनिस्ट्री ने एक बयान में कहा कि यूक्रेन की तरफ से दागी गई मिसाइल से हादसा हुआ है। रूस अधिकारियों ने कहा कि उनके एयरक्राफ्ट को यूक्रेनी सेना ने एस-300 मिसाइल से मार गिराया है। हालांकि, इस दावे की अधिकृत रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

क्रैश हुआ रूसी मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट इल्यूशिन-76 था। जहां ये हादसा हुआ है वो इलाका बेलगोरोड है जो कि यूक्रेनी सीमा से सटा हुआ इलाका है। इस कारण इस क्षेत्र में यूक्रेनी सेना भी लगातार हमले करती रहती है। महीने भर पहले बेलगोरोड में हुए यूक्रेनी हमले में 100 से अधिक रूसी नागरिक मारे गए थे।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पकड़े गए 65 यूक्रेनी सैनिक कैदी की अदला-बदली के लिए बेलगोरोड क्षेत्र की ओर जा रहे विमान में सवार थे। बेलगोरोड से 100 किमी पश्चिम में एक सीमा चौकी पर बुधवार दोपहर को कैदियों की अदला-बदली होने वाली थी।
वहीं यूक्रेन ने कहा कि यह रूस की साजिश हो सकती है। यूक्रेन ने कहा कि उन्होंने अपनी मिलिट्री टीम मौके पर भेजी है। वे इसकी जांच कर रहे हैं। रूस के बेलगोरोड क्षेत्र के क्षेत्रीय गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव ने कहा कि विमान एक आवासीय क्षेत्र के पास एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में दिखाया गया है कि स्थानीय समयानुसार लगभग 11:00 बजे (08:00 GMT) याब्लोनोवो गांव के पास एक विमान नीचे गिर रहा था और उसके बाद एक विस्फोट हुआ।
इस हादसे के कुछ ही देर के बाद यूक्रेनी मीडिया ने आशंका जाहिर की थी कि इस हमले में यूक्रेन मिलिट्री का हाथ है। हालांकि जब ये सूचना मिली कि इस घटना में 65 यूक्रेनी युद्धबंदी मारे गए हैं उन्होंने उन रिपोर्टों को हटा लिया।












Click it and Unblock the Notifications