PM मोदी को 2023 में 5 देशों ने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा, US-रूस समेत अब तक 14 देश कर चुके हैं सम्मानित
पीएम मोदी इस वक्त फ्रांस के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्हें 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ लीजन ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया गया। यह सर्वोच्च फ्रांसीसी सम्मान है। पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
यह पुरस्कार दुनिया भर के चुनिंदा प्रमुख नेताओं और प्रतिष्ठित हस्तियों को दिया गया है। इनमें दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल, संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस बुट्रोस-घाली समेत अन्य शामिल हैं।

इससे पहले भी पीएम मोदी को कई देश सम्मानित कर चुके हैं। पिछले नौ साल के कार्यकाल में पीएम मोदी को कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। यह 14वां ऐसा सर्वोच्च राजकीय सम्मान है जो दुनिया भर के देशों ने पीएम मोदी को दिया है।
2023 में अब तक पांच देश पीएम मोदी को सम्मानित कर चुके हैं। इस साल पीएम मोदी को फ्रांस के अलावा मिस्र, फिजी, पापुआ न्यू गिनीऔर पलाऊ अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित कर चुके हैं।
बीते महीने 25 जून को मिस्र ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा था। राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने पीएम मोदी को 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' सम्मान दिया था। 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' मिस्र का सर्वोच्च राजकीय सम्मान माना जाता है।
इसी साल 22 मई को PM मोदी को पलाऊ के राष्ट्रपति सुरंगेल एस व्हिप्स जूनियर द्वारा 'एबाक्ल अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया। इसी दिन फिजी के प्रधानमंत्री सित्विनी राबुका ने PM मोदी को फिजी के सर्वोच्च सम्मान, 'कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी' से नवाजा। वहीं, पापुआ न्यू गिनी ने भी PM मोदी को 22 मई को ही 'कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू' से सम्मानित किया।
आपको बता दें कि पीएम मोदी को सबसे पहले सऊदी अरब ने इस प्रकार के किसी सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया था। सऊदी अरब ने पीएम मोदी को 2016 में गैर-मुस्लिम गणमान्य नागरिकों को दिए जाने वाले अपने सर्वोच्च सम्मान 'किंग अब्दुलअजीज अल साउद' से सम्मानित किया था।
इसके बाद अफगानिस्तान ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान गाजी अमानुल्लाह खान पुरस्कार से नवाजा। फिलिस्तीन ने 2018 में PM मोदी को 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द स्टेट ऑफ फिलिस्तीन' से सम्मानित किया था। विदेशी गणमान्य नागरिकों को दिया जाने वाला ये फिलिस्तीन का सर्वोच्च सम्मान है।
UAE 2019 में अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान जायेद मेडल से पीएम मोदी का सम्मान किया था। 2019 में ही रूस ने 'ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू' पुरस्कार से सम्मानित किया था।
मालदीव ने भी 2019 में ही पीएम मोदी को 'निशान इज्जुद्दीन' सम्मान से नवाजा था। इसके बाद 2019 में बहरीन की यात्रा पर गए पीएम मोदी को 'द किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां' से सम्मानित किया गया।
2020 में अमेरिका ने पीएम मोदी को अपना सर्वोच्च सैन्य सम्मान 'लीजन ऑफ मेरिट' दिया। भूटान ने दिसंबर 2021 में पीएम मोदी को सर्वोच्च नागरिक अलंकरण, ऑर्डर ऑफ द ड्रक ग्यालपो से सम्मानित किया।












Click it and Unblock the Notifications