जॉन टिनिसवुड बने दुनिया के सबसे उम्रदराज शख्स, अपनी लंबी उम्र के बारे में पूछने पर क्या कहा ?
इंग्लैंड के जॉन अल्फ्रेड टिनिसवुड आधिकारिक तौर पर दुनिया के सबसे बुजुर्ग जीवित व्यक्ति बन गए हैं। उनकी उम्र 111 साल और 224 दिन है। गिनीज बुक में उनका नाम दर्ज किया गया है। हाल ही में दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति जुआन विसेंट पेरेज मोरा का 114 साल की आयु में निधन हुआ था।
जुआन मोरा की मौत के बाद माना जा रहा था कि 112 साल के गिसाबुरो सोनोबे दुनिया के सबसे उम्रदराज व्यक्ति बन गए हैं मगर गिनीज बुक की टीम ने जब उनकी खोज की तो पता चला कि 31 मार्च को उनकी मौत हो गई है।

टिनिसवुड का जन्म 26 अगस्त, 1912 को लिवरपूल में हुआ था। ये ही वो साल था जब टाइटैनिक डूबा था। टिनिसवुड ने अपनी आंखों के सामने दो विश्व युद्ध और दो महामारी देखी है। टिनिसवुड ने गिनीज के साथ एक साक्षात्कार में कहा, "आप या तो लंबे समय तक जीवित रहते हैं या कम समय तक जीवित रहते हैं, और आप इसके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कर सकते। ये बस भाग्य का खेल है।"
जॉन के सबसे उम्रदराज जीवित व्यक्ति होने की पुष्टि के बाद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की अधिकारिक निर्णायक मेगन ब्रूस ने जॉन को प्रमाणपत्र देने और उनके लंबे जीवन के बारे में और जानने के लिए साउथपोर्ट पहुंचीं।
जॉन पेशे से रिटायर्ड अकाउंटेंट और पोस्टल सर्विस वर्कर रह चुके हैं। 111 साल के होने के बावजूद जॉन अपने ज्यादातर दैनिक कार्य खुद कर सकते हैं। बिना किसी की मदद के वह बिस्तर से उठते हैं। न्यूज से जुड़े रहने के लिए वह रेडियो सुनते हैं और आज भी वह अपना फाइनेंशियल मैनेजमेंट खुद करते हैं। अपनी लंबी उम्र को वह पूरी तरह किस्मत करार देते हैं।
जॉन टिनिसवुड ने अपनी लंबी उम्र का राज बताते हुए कहा कि वो हफ्ते में फ्राइडे को मछली और चिप्स जरूर खाते हैं। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि लंबे जीवन का राज हर चीज में संयम रखने में है।












Click it and Unblock the Notifications