Indore news: कहीं कुएं पर स्लैब डालकर स्कूल बनाई, कहीं बावड़ी पर बना दिया रास्ता, अब निगम ने हटाया
इंदौर के अलग-अलग स्थानों पर नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने कुएं और बावड़ी पर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया है।

प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के पटेल नगर स्थित बिलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर परिसर में रामनवमी के हवन के दौरान बावड़ी धंसने से दर्दनाक हादसा हुआ था, जिसमें लगभग 36 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी तो वहीं 18 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस हादसे के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम ने शहर के सभी कुएं और बावड़ी पर हुए अतिक्रमण ध्वस्त करने का फैसला लिया था, जिसके संबंध में महापौर पुष्यमित्र भार्गव की ओर से दिशा-निर्देश भी दिए गए थे। इसके मद्देनजर शहर के अलग-अलग स्थानों पर नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने कुएं और बावड़ी पर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया है।
कुछ इस तरह हुई कार्रवाई
महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा शहर में निगम रिकॉर्ड अनुसार 629 जल स्त्रोत की सूची का संबंधित क्षेत्र के भवन अधिकारी व भवन निरीक्षक के माध्यम से मौका मुआयना व सर्वे कर जल स्त्रोत पर किए गए निर्माण व अतिक्रमण को निगम द्वारा शहर हित व जनसुरक्षा व जनहित में हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में झोन क्रमांक - 02 स्थित परसराम पुरिया स्कूल में कुएं पर स्लैब डालकर निर्माण किया गया। निगम द्वारा निर्मित स्लैब को हटाने का कार्य किया गया, तथा संस्था को उस पर जाली एवं पर्याप्त ऊंचाई की मुडेर बनाने एवं अन्य सुरक्षा संबंधी उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए।
कई स्थानों पर हुई कार्रवाई
झोन क्रमांक - 06 अंतर्गत नेहरू नगर गली नंबर-08 में स्थित कुएं पर निर्मित स्लैब को हटाया गया, तथा स्थल पर सुरक्षा हेतु जाली मुंडेर बनाकर सुरक्षित किया जाएगा। झोन क्रमांक 13 स्थित चोईथराम स्कूल के भवन में जाने वाले पेसेज (चोक) में निर्मित कुए (08 मीटर डायमीटर का) पर स्लैब डालकर आवागमन के लिए पक्का किया गया था। उसे ओपन कराकर जाली लगाने पर्याप्त उँचाई की मुंडेर बनाने, एवं अन्य सुरक्षा संबंधी उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी अनूप गोयल, पीएस कुशवाह, विवेश जैन, भवन निरीक्षक दीपक गरगटे, तन्मय सिंह, रिमूव्हल विभाग के अधिकारी व अन्य उपस्थित थे।
ये भी पढ़े- Indore Temple Accident में जान गंवाने वाले मासूम का Video Viral, नहीं थम रहे माता-पिता के आंसू












Click it and Unblock the Notifications