महापौर चुनाव का महासंग्राम, पुष्यमित्र भार्गव Vs संजय शुक्ला, कौन पड़ेगा किस पर भारी!
इंदौर, 15 जून: आखिरकार बीजेपी ने इंदौर से बतौर महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है, जहां इसके बाद अब इंदौर में महापौर चुनाव को लेकर महासंग्राम शुरू हो चुका है, वहीं इंदौर में महापौर चुनाव की जंग अब रोचक होती चली जा रही है, जिसमें बीजेपी की ओर से पुष्यमित्र भार्गव, तो वहीं कांग्रेस से संजय शुक्ला दम भरते दिखाई दे रहे हैं. प्रत्याशी चयन से लेकर नामांकन दाखिल करने तक में अव्वल रही कांग्रेस अब तक अकेले ही चुनाव मैदान में नजर आ रही थी, लेकिन अब बीजेपी की ओर से महापौर प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद इंदौर नगर निगम में महापौर चुनाव को लेकर जंग रोचक होती दिखाई दे रही है, जहां कांग्रेस ने विधायक संजय शुक्ला को बतौर प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा है, तो वहीं बीजेपी ने नए चेहरे पर भरोसा जताते हुए पुष्यमित्र भार्गव को महापौर प्रत्याशी बनाया है.

कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला पर एक नजर
कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला वर्तमान में विधानसभा एक से विधायक भी हैं, साथ ही अपने कर्मठ अंदाज और शानदार व्यवहार के कारण जनता के बीच अलग पहचान रखने वाले संजय शुक्ला के मजबूत पक्ष पर नजर डालें तो वे लंबे समय से सियासत में सक्रिय हैं, जहां पहले दो बार अलग-अलग वार्डों से पार्षद बनने वाले संजय शुक्ला वर्तमान में विधायक भी हैं. साथ ही संजय शुक्ला के साथ कार्यकर्ताओं की लंबी फौज है. जनसंपर्क शुरू करने से लेकर नामांकन दाखिल करने तक में बीजेपी को पछाड़ने वाले संजय शुक्ला अब पूरी तरह से कॉन्फिडेंस में नजर आ रहे हैं, जहां वे लगातार जनता से जीत का आशीर्वाद भी ले रहे हैं.

बीजेपी के युवा चेहरे पुष्यमित्र भी हैं दमदार
सियासत में अपने मैनेजमेंट के लिए अलग पहचान रखने वाली बीजेपी ने भी बड़ा दाव खेला है, बीजेपी ने अबकी बार नए चेहरे पर भरोसा जताते हुए लंबे वक्त तक एबीवीपी से जुड़े रहे पुष्यमित्र भार्गव को अपना प्रत्याशी बनाया है. पुष्यमित्र भार्गव की सियासी सक्रीयता तो काफी गहरी नहीं है, लेकिन सामाजिक कार्यों के लिए भार्गव शहर में अपनी बेहद खास पहचान रखते हैं. भार्गव के मजबूत पक्ष पर एक नजर डालें तो एबीवीपी से लंबे वक्त तक जुड़े रहने के कारण युवाओं के बीच उनकी अच्छी खासी पैठ है. साथ ही युवा चेहरा होने के कारण जनता भी भार्गव पर अपना विश्वास जता सकती है.

जनता जल्द करेगी फैसला
इंदौर में होने वाले नगर निगम चुनाव की हलचल अब तेज होने लगी है, जहां कांग्रेस के बाद अब बीजेपी की ओर से घोषित किए गए महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव भी अब मैदान संभालते नजर आएंगे. बहरहाल, अब देखना होगा की इंदौर की जनता किसे जीत का आशीर्वाद देती है, और किसे अपने अगले महापौर के तौर पर चुनती है.












Click it and Unblock the Notifications