Indore में थाना प्रभारी तहजीब काजी ने निभाई परंपरा, भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर सुनाए भजन
टीआई तहजीब काजी ने संयोगितागंज थाना परिसर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर परंपरा निभाते हुए भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और सुमधुर भजन सभी को सुनाए।

Recommended Video

हाल ही में महाशिवरात्रि का पर्व देशभर के साथ-साथ इंदौर में भी भक्तिभाव के साथ मनाया गया है, जहां महाशिवरात्रि पर्व पर शहरभर में अनेकों धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए तो वहीं आम से लेकर खास तक सभी इस दिन शिव भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। शिव भक्ति की एक ऐसी ही अनूठी तस्वीर इंदौर शहर के संयोगितागंज थाने से निकलकर सामने आई, जहां टीआई तहजीब काजी ने कौमी एकता की मिसाल पेश करते हुए थाना परिसर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में ना सिर्फ भगवान भोलेनाथ का पूजन और अभिषेक किया, बल्कि मीठे-मीठे भजन सुनाए और खुद भी भजन की धुन पर थिरकते नजर आए।

टीआई तहजीब काजी ने किया अभिषेक
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में लंबे वक्त से अलग-अलग थानों की कमान संभालने वाले टीआई तहजीब काजी फिलहाल संयोगितागंज थाने में पदस्थ हैं। देशभक्ति के जज्बे और मानव सेवा के लिए सदैव सुर्खियों में रहने वाले टीआई तहजीब काजी एक बार फिर चर्चाओं में हैं, जहां अबकी बार उनकी चर्चा उनकी शिव भक्ति के लिए हो रही है। टीआई तहजीब काजी ने संयोगितागंज थाना परिसर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर परंपरा निभाते हुए भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और सुमधुर भजन सभी को सुनाए। वहीं अब टीआई तहजीब काजी की शिव भक्ति को आमजन के द्वारा सराहा जा रहा है।

थाना प्रभारी ने कही ये बात
मीडिया से बातचीत करते हुए टीआई तहजीब काजी ने कहा की, थाना संयोगितागंज में यह शिव जी का जो पिंड है, ये काफी प्राचीन है, प्राचीन काल से यह स्थापित है, यहां की परंपरा रही है कि, यहां जब भी शिवरात्रि आती है, यहां पर जो स्टाफ होता है, रक्षा समिति होती है, और अन्य आसपास के लोग मिलकर यहां आयोजन करते हैं। यहां पर अखंड रामायण हुई, अखंड रामायण के बाद स्टाफ, रक्षा समिति के लोगों ने शहर के अन्य थाना प्रभारी अन्य स्टाफ ने भंडारे में आकर प्रसाद ग्रहण किया। यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष होता है। इसमें सभी समाज, धर्म सभी तरह के लोग आते हैं, और प्रेम भाव और श्रद्धा से मनाते हैं, और प्रसाद ग्रहण करते हैं। राम जी का भजन हमने भी थाना स्टाफ के साथ गाया है।

एकता का संदेश दिया
इसी के साथ टीआई तहजीब काजी ने कहा कि, पुलिस की कोई जाति धर्म नहीं होता, हमारा कोई जाति धर्म नहीं, वर्दी ही हमारा सब कुछ रहता है। हम यही संदेश देना चाहते हैं कि, सभी समाज, धर्म पुलिस के लिए सब एक जैसे हैं, पुलिस सभी के लिए बराबर रहती है, और समभाव में सभी काम करती है। यहां थाने पर मुस्लिम भी है और हिंदू स्टाफ भी है, पर सभी अपनी जाति और धर्म भूल कर पहले पुलिस और वर्दी का कर्तव्य निभाते हैं, और फिर व्यक्तिगत तौर पर अपने धर्म को निभाते हैं. इससे पहले भी टीआई तहजीब काजी अपने अलग-अलग कार्यों के लिए सुर्खियों में आए थे, जहां अब वे अपनी शिवभक्ति के लिए चर्चाओं में हैं.
ये भी पढ़े- MP के लिए सौगात साबित हो रही विकास यात्रा, CM Shivraj बने विकास वाले मुख्यमंत्री












Click it and Unblock the Notifications