MP Weather News: इंदौर और उज्जैन में बाढ़ जैसे हालात, 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट
मध्य प्रदेश में दिनों भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जहां प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश का दौर देखने मिल रहा है। इधर, मालवा अंचल के इंदौर और उज्जैन में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जहां लगातार हो रही भारी बारिश के चलते ही अब निचली बस्तियों में जल जमाव हो गया है। वहीं नदी-नाले उफान पर हैं।
उज्जैन में शिप्रा नदी उफान पर नजर आ रही है, तो वहीं खरगोन और बड़वानी में नर्मदा नदी का रौद्र रूप देखने मिल रहा है। इंदौर में भारी बारिश के चलते सड़कों पर पानी जमा हो गया है, तो वहीं निचली बस्तियां डूब की कगार पर हैं। इधर, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के लिए इंदौर समेत अन्य जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

इंदौर और उज्जैन में रेड अलर्ट
इंदौर और उज्जैन में हालात कुछ इस कदर खराब हो चुके हैं कि, बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य में लगी टीमों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों की माने तो इंदौर में अब तक बीते 24 घंटे के दौरान 11 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इधर, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में इंदौर संभाग और उज्जैन संभाग के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जहां इंदौर, उज्जैन, धार, खंडवा, खरगोन अलीराजपुर और झाबुआ जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
कई रास्ते हुए बंद
इंदौर से मंडलेश्वर जाने वाले मार्ग पर जाम गेट के पास पहाड़ का कुछ हिस्सा दरकने के कारण रास्ता बंद हो गया है, जहां रास्ता बंद हो जाने से वाहनों की आवाजाही भी रुक गई है। इधर, बड़वाह स्थित मोरटक्का पुल तक नर्मदा नदी का जलस्तर पहुंच चुका है, जिसके बाद पुल से आवाजाही को रोक दिया गया है। इधर, इंदौर के पास राऊ में गंभीर नदी में कुछ लोगों के फंसने की जानकारी निकलकर सामने आई थी, जहां सभी लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। इंदौर में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने निचली बस्ती में रहने वाले लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की है।
ये भी पढ़े- Indore weather news: इंदौर में भारी बारिश का अलर्ट, 2 दिनों तक ऐसे ही बरसते रहेंगे बादल












Click it and Unblock the Notifications