Khargone accident : टैंकर हादसे में घायल महिला ने तोड़ा दम, परिजनों को मिलेगा मुआवजा
खरगोन जिले के ग्राम अंजनगांव क्षेत्र में हुए टैंकर हादसे में गंभीर घायल महिला ने इंदौर के एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दर्दनाक हादसे में महिला शत प्रतिशत जल गई थी, जहां उसे इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया था, महिला का इलाज जारी था वहीं उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। इधर, हादसे के बाद खरगोन से इंदौर रैफर किए गए सभी गंभीर घायलों का इलाज इंदौर के एमवाय अस्पताल में जारी है, जहां समय-समय पर जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी दौरा कर घायलों का हाल जान रहे हैं।

कुछ इस तरह हुआ हादसा
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के पास खरगोन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पेट्रोल और डीजल से भरे ट्रक में अचानक आग लग गई। हादसा इतना भीषण था कि जिसने भी देखा वह सहम गया। टैंकर में आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंची, जहां सभी ने टैंकर में लगी आग को बुझाने की कोशिश की, तभी टैंकर में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिसके चलते वहां मौजूद लगभग 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया
जानकारी के मुताबिक यह हादसा बिस्तान थाना क्षेत्र के मोर गांव घड़ी मार्ग पर घटित हुआ, जहां टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया था। बताया जा रहा है कि, टैंकर झिरनिया जा रहा था। वहीं टैंकर के पलटते ही जोरदार धमाका हुआ। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी, जहां पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए, घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया था। इस हादसे में कुल 7 बच्चे और 10 से ज्यादा महिला पुरुष घायल बताए जा रहे हैं। वहीं गंभीर घायलों को इंदौर रैफर किया गया था।
प्रभावितों को सहायता राशि की मिली स्वीकृति
बिस्टान थाना क्षेत्र के अंजनगांव में टैंकर पलटने के बाद हुए धमाके में कई प्रभावित हुए है। प्रभावितों को सहायता राशि प्रदान करने के लिए कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने बुधवार को ही मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से सहायता राशि प्रदान करने के लिए प्रस्ताव भेजा था। गुरुवार को प्रभावितों को सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें मृतक के वैध वारिस को 2 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 50 हजार रुपये और सामान्य गंभीर को 25 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।












Click it and Unblock the Notifications