कारम डैम: प्रभावित ग्रामीणों ने सुनाया अपना दर्द, कमलनाथ ने दिया मदद का भरोसा
धार, 16 अगस्त: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ धार जिले के धरमपुरी में कारम नदी पर बनाए गए डैम का हाल जानने पहुंचे। इस दौरान कमलनाथ ने डैम के लीकेज के चलते प्रभावित हुए ग्रामीणों का हाल भी जाना। कमलनाथ ने अलग-अलग ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों से बातचीत की, कमलनाथ से बातचीत करते हुए प्रभावित ग्रामीण जनों ने अपनी पीड़ा सुनाई, वहीं ग्रामीण जनों का दर्द सुनने के बाद कमलनाथ ने उचित मदद का आश्वासन भी दिया। साथ ही कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान कमलनाथ के साथ पूर्व मंत्री और विधायक विजयलक्ष्मी साधो, उमंग सिंगार और जीतू पटवारी समेत तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता नजर आ रहे थे।

हवाई सर्वे कर जाना हाल
पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने हवाई सर्वेक्षण कर कारम नदी पर बने क्षतिग्रस्त डैम और प्रभावित गांव का हाल जाना। इस दौरान कमलनाथ के साथ पूर्व मंत्री और विधायक विजयलक्ष्मी साधो मौजूद रही। कमलनाथ ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, मैं आज देखने आया था कि, किस तरह से डैम फूटा है, यह डैम जो फूटा है, यह बीजेपी के भ्रष्टाचार का डैम फूटा है। यह मिट्टी देखें, साफ मैंने मिट्टी देखी, मिट्टी का डैम बना हुआ है। मैं लोगों से मिला जो प्रभावित हुए हैं, जिनका घर गया है, जिनकी फसल गई है, जो आज जंगल में घूम रहे हैं। इनका कोई प्रबंध नहीं है। पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार की दीमक लगी हुई है, और यह इस दीमक का एक उदाहरण है।

शिवराज सरकार पर साधा निशाना
कमलनाथ ने कहा कि, यह केवल नाटक - नौटंकी, और इवेंट मैनेजमेंट का काम जनता को मोड़ने के लिए करते हैं, पर जो सच्चाई है, वह सबके सामने है। इसी के साथ कमलनाथ ने कहा की, यदि सही डैम बना था तो पानी निकालने की आवश्यकता क्यों हुई, यह तो पहली बारिश थी,पता नहीं और कितने डैम टूटेंगे, और कितने पुल पुलिया टूटेंगे अगले 1 साल में, इसके साथ ही कमलनाथ ने एक बार फिर 14 महीने बाद कांग्रेस की सरकार बनने का दावा ठोका।

कुछ इस तरह हुआ था पूरा मामला
धार जिले के कारम डैम में लीकेज के बाद हड़कंप मच गया था, जहां डैम का पानी खाली करने के लिए चैनल बनाई गई थी, जिसके बाद चैनल पर जरिए डैम के पानी को खाली किया गया। वहीं अब डैम में पानी काफी कम हो गया है, जिसके बाद शासन-प्रशासन का दावा है कि, अब खतरा टल गया है।












Click it and Unblock the Notifications