फिर छलका बेटे को टिकट ना मिलने का दर्द, कैलाश विजयवर्गीय बोले- 'आकाश पर गर्व है'
सियासत के गढ़ इंदौर की विधानसभा एक से बीजेपी ने महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को चुनाव मैदान में उतारा है, जहां अब विजयवर्गीय के साथ उनके सुपुत्र आकाश भी चुनाव मैदान में प्रचार-प्रसार करते नजर आ रहे हैं।
इधर, विधानसभा-3 के कार्यक्रम में पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय ने बेटे आकाश विजयवर्गीय की जमकर सराहना की है, जहां पिता कैलाश विजयवर्गीय ने बेटे आकाश विजयवर्गीय पर गर्व होने की बात कही है। इस दौरान मंच पर बीजेपी प्रत्याशी गोलू शुक्ला समेत तमाम बीजेपी नेता नजर आ रहे थे।

विजयवर्गीय ने कही ये बात
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश ने कहा कि, क्षेत्र क्रमांक 3 के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन है। पिछली बार यहां से आकाश जी लड़े थे, तब मैं नहीं आया था, क्योंकि मैंने कहा था कि मैं उनके क्षेत्र में नहीं जाऊंगा, और मैं यहां आया भी नहीं, आज गोलू लड़ रहे हैं, मुझे मालूम है, आकाश ने इस विधानसभा को खून पसीना एक करके सींचा है। मैं भी इस बात से खुश नहीं था कि उनको टिकट नहीं मिले और मुझे मिले, पर पार्टी का आदेश सर्वोपरि होता है। हम एक फौज के सैनिक की तरह पार्टी के कार्यकर्ता हैं, पार्टी ने कह दिया तो उसका पालन करेंगे। मुझे दिल्ली से फोन आया कि, आपको चुनाव लड़ना है, तब मैंने आकाश जी से घर पर बैठकर चर्चा की, आकाश जी ने कहा, इससे बढ़िया और कोई बात नहीं हो सकती। रात में बैठकर उन्होंने नड्डा जी को पत्र लिखा, किसी को बताया नहीं, आप मेरे पापा को टिकट दे रहे हैं, तो मेरे बारे में विचार नहीं करें। यह पत्र नड्डा जी को लिख दिया। मुझे तीसरे दिन बताया। वह यहां पर नहीं है। इसलिए मैं गर्व से कह सकता हूं कि मुझे आकाश के पिता होने का गर्व है।
विधानसभा-1 से प्रत्याशी बनाए गए विजयवर्गीय
BJP की दूसरी सूची में कद्दावर नेताओं के नाम नजर आ रहे हैं, जहां सियासत के गढ़ कहे जाने वाले शहर इंदौर की विधानसभा-1 से बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को प्रत्याशी बनाया गया है। विजयवर्गीय अंचल के कद्दावर नेताओं में से एक माने जाते हैं, जहां विजयवर्गीय का प्रभाव मालवा-निमाड़ अंचल में देखा जाता है। इतना ही नहीं कैलाश विजयवर्गीय को मैनेजमेंट का मास्टर भी माना जाता है। यही कारण है कि, कैलाश विजयवर्गीय को अबकी बार संगठन ने विधानसभा 1 से प्रत्याशी बनाते हुए पूरे मालवा-निमाड़ अंचल को अलग संदेश देने की कोशिश की है।
ये भी पढ़े- 2004 में गड्ढे मिले थे, हमने बनाई 5 लाख किमी सड़क...वायरल वीडियो में कैलाश विजयवर्गीय का दावा












Click it and Unblock the Notifications