Indore News: '24 घंटे में पाकिस्तान का नक्शा मिट जाएगा...', कैलाश विजयवर्गीय ने कही ये बात

मध्यप्रदेश के इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 की 200 आंगनवाड़ियों को स्मार्ट बनाने की पहल नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने की है। इसके तहत आंगनवाड़ियों को अत्याधुनिक संसाधनों से लैस किया गया है, जिससे बच्चों का बेहतर शैक्षणिक, बौद्धिक और शारीरिक विकास हो सके।

इस अवसर पर बोलते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि, बच्चे भगवान का स्वरूप होते हैं और यदि आप आंगनवाड़ी में आ रहे इन बच्चों की सच्चे भाव से सेवा करते हैं तो आप भगवान की पूजा कर रहे हैं। पाकिस्तान के बड़बोले नेताओं को चेतावनी देते हुए उन्होने कहा कि, भारत की क्षमता को कम ना आंके। युद्ध हुआ तो 24 घंटे में पाकिस्तान का नामोनिशान मिट जाएगा।

Indore

बच्चों को संस्कार दे और सुनाए महापुरुषों की गौरव गाथाएं

उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि क्षेत्र की आंगनवाड़ियों में 3 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 60 से लेकर 150 तक बच्चे हैं। कुल मिलाकर 7 हजार बच्चे प्रतिदिन आंगनवाड़ी में आते हैं। 2-3 घंटे आंगनवाड़ी की दीदी के साथ गुजारते हैं। इसलिए आप इन बच्चों को अपने बच्चों की तरह रखकर प्यार और स्नेह दे। इनको अच्छे संस्कार दे। महाराणा प्रताप, शिवाजी महाराज जैसे शूरवीरों की कहानियां इन बच्चों को सुनाए, जिससे ये बच्चे हमारे महापुरुषों की गौरवगाथा को सुने, देश की संस्कृति और संस्कारों को पहचाने। यदि इसके लिए किताबों की जरूरत होगी तो हम उपलब्ध करवा देंगे। जब मैं बच्चा था तो मां से पूछता था कि यह काला पत्थर क्या है? मेरी माँ मुझे बताती थी कि ये लड्डू गोपाल है। बच्चे जब प्रश्न पूछते हैं तो उनके अंदर तार्किक क्षमता का विकास होता है। बच्चों को आर्ट सिखाएं, इससे बच्चों में क्रिएटिविटी का विकास होगा।

आंगनवाड़ी को क्रिएटिविटी का क्षेत्र बनाएं, जिससे माता-पिता आगे रहकर बच्चों को आंगनवाड़ी में छोड़ने के लिए आएं। आंगनवाड़ियों में इस बात की प्रतिस्पर्धा होना चाहिए कि किसकी आंगनवाड़ी में ज्यादा बच्चे आते हैं। आंगनवाड़ी से जुड़े लोग अपनी आवश्कता हमें बताएं। हम आपकी हर जरूरत को पूरा करेंगे। सरकार की ओर से यदि संभव नहीं हुआ तो हम अपनी ओर से मदद करेंगें। बच्चे यदि कम्प्यूटर में रुचि रखेंगे तो हम आंगनवाड़ियों को कम्प्यूटर भी उपलब्ध करवाएंगे। बच्चों को यदि आप भगवान समझकर उनकी सेवा करेंगे तो आपको भगवान की सेवा के बराबर फल मिलेगा। अपने जन्मदिन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मैने जन्मदिन पर गोसेवा की बात कही थी। इंदौर और इंदौर के बाहर भी बड़ी संख्या में लोगों ने गौसेवा की है। में इस समय पार्षदों से अनुरोध करुंगा कि वह अपना जन्मदिन आंगनवाड़ी में बच्चों के साथ मनाएं। इस मौके पर एक शेर के जरिए भी उन्होंने अपनी बात रखी।

सभी वार्डों को दी पानी के टैंकर की सौगात

भीषण गर्मी को देखते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी विधानसभा के सभी वार्डो को विधायक निधि से कुल 17 पानी के नए टैंकरों की सौगात दी।खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए मंत्री विजयवर्गीय ने अखाड़ों को कुश्ती मेट एवं महाराणा प्रताप खेल संकुल को कबड्डी एवं खो खो मेट भी वितरित किए।

जनप्रतिनिधि लव जिहाद पर ध्यान दें

पत्रकार वार्ता में कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया के बयान की पाकिस्तान से युद्ध की जरूरत नहीं है बातचीत की जानी चाहिए, पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया की उम्र बहुत हो गई है और इस उम्र के लोग इस तरह की बहकी-बहकी बात करते हैं। भोपाल में हुए लव जिहाद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह षडयंत्र लंबे समय से भोपाल में चल रहा है। भोपाल में रोजाना कोई हिंदू लड़की मुस्लिम की शिकार हो रही है। इसलिए मुख्यमंत्रीजी ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। मैं वहां के जनप्रतिनिधियों से कह रहा हूं कि वे नेतागिरी के साथ समाज में लव जिहाद का जहर कौन फैला रहा है इसकी भी चिंता करें।

पाकिस्तान से युद्ध पर बोलते हुए उन्होने कहा कि, हमारी ताकत का अंदाजा अभी पाकिस्तान को नहीं है। इसलिए वो बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। युद्ध होगा तो 24 घंटे के अंदर पाकिस्तान साफ हो सकता है। 24 घंटे में उसका नक्शा मिट जाएगा। यह हमारी क्षमता है। बड़ी-बड़ी बात करने वाले कौनसी कब्र में होंगे यह ढूंढना होगा। जातिगत जनसंख्या के मुद्दे पर राहुल गांधी के बयान पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वह छोटी बुद्धि के हैं। जाति हिंदू और मुस्लिम दोनों की पूछी जाएगी। मुस्लिम सिर्फ मुस्लिम नाम से नहीं जाना जाएगा। पठान कौन है, अंसारी कौन है, लोहार कौन है, सुतार कौन है। 40 जातियां है मुस्लिम समाज में। इसलिए जातिगत गणना सभी की होगी।
आंगनवाड़ी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आजकल मोबाइल की वजह से हर 5 में से एक बच्चे को चश्मा लगा हुआ है। पहले यह अनुपात 50 में से एक का था। इसलिए हम चाहते हैं कि बच्चे आंगनवाड़ी में आएं और खेलकूद पर ध्यान दे।

सभी सरकारी स्कूलों में होगी कम्प्यूटर लैब - आकाश विजयवर्गीय

इस अवसर पर पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने जानकारी देते हुए बताया कि हमने आंगनवाड़ियों में कौनसी सामग्री की जरूरत है इसके संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली थी और उसके बाद हमने आवश्यक सामग्री देने का निर्णय किया। क्षेत्र में खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए महाराणा प्रताप संकूल को विकसित करने का निर्णय किया गया है। संकूल को कबड्डी मेट दिया जा रहा है। ब्रजलाल गुरु उस्ताद व्यायाम शाला को कुश्ती मेट दिया जा रहा है। हमारे सभी वार्डों में कुल मिलाकर 177 गार्डन हैं। इन सभी गार्डन में ओपन जीम सेट और झूले-चकरी के लिए 5 करोड़ रुपये का फंड रखा गया है।आगामी एक महीने में सभी गार्डनों में यह व्यवस्था हो जाएगी। क्षेत्र में 67 सरकारी स्कूल हैं।

सभी स्कूलों में कम्प्यूटर लैब की व्यवस्था एक महीनें में हो जाएगी। स्कूलों में वाटर कूलर की भी व्यवस्था की जाएगी। स्कूलों में झूले लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी। आंगनवाड़ी में यदि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की डिमांड होगी तो ट्रेपोलिन झूले भी दिए जाएंगे। स्कूलों में कोआर्डिनेशन के लिए दो कार्यकर्ताओं की नियुक्ति पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे सरकारी स्कूलों में किसी भी समस्या का तुरंत निराकरण हो सके। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को महाकाल आदि प्रसिद्ध मंदिरों में देवदर्शन के साथ पिकनिक पर ले जाने की व्यवस्था भी की जाएगी। हमने क्षेत्र के विकास के लिए एक हजार फाइलें बनाई थी, इनमें से 900 के टेंडर लग चुके हैं।

इससे पहले कार्यक्रम की शुरूआत में पहलगाम आतंकी हमले के शहीदों और भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सिंह सलूजा को श्रद्धांजली दी गई। कैलाश विजयवर्गीय ने नरेंद्रसिंह सलूजा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे कांग्रेस में थे तब भी मेरा सम्मान करते थे। वे काफी सक्रिय रहते थे। सोशल मीडिया पर उनके ट्वीट काफी जल्दी आते थे। उनका अचानक जाना हमारे लिए एक सदमे के समान है।

आंगनवाड़ियों को दिए आधुनिक संसाधन

कार्यक्रम में विधानसभा 01 के सभी 200 आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों के शारीरिक और शैक्षणिक विकास के साथ उनके मनोरंजन के लिए जरूरी सामग्री प्रदान की गई। यह सामग्री विधानसभा 01 की समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रदान की गई। आवश्यक सामग्री के तहत 200बत्तीस इंच के स्मार्ट टीवी, 200 बच्चों का वजन नापने की मशीन, 200 बच्चों की लंबाई नापने की मशीन, 200 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए कुर्सी और टेबल, प्रत्येक आंगनवाड़ी में बच्चों के लिए भोजन के 20 सेट, जिसमें थाली, कटोरी, चम्मच और गिलास शामिल हैं, 200 दीवार घड़ी, 50 हजार स्केवयर फीट कबड्डी और कुश्ती के लिए मैट आदी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर विधायक निधि से 17 पानी के टैंकर भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का आयोजन विधायक कार्यालय, किला मैदान रोड जोन 01 के सामने किया गया था। इस अवसर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, परियोजना अधिकारी, सम्बंधित आंगनवाड़ियों के सुपरवाइज़र एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

गौरतलब है शासन द्वारा संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के सर्वांगिण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण से लेकर उनके मनोरंजन के लिए खेलकूद एवं प्रारंभिक शिक्षा तक की व्यवस्था की जाती है, ताकि आने वाले समय में ये नौनिहाल अपना भविष्य संवारने के साथ एक बेहतर और सुदृढ़ राष्ट्र के भागीदारी बन सके।, क्योंकि बच्चे देश का भविष्य होने के साथ एक शक्तिशाली राष्ट्र का आधार होते हैं।

ये भी पढ़े- Indore News: भाषण देते वक्त गिरा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का मंच, जन्मदिन पर हुआ हादसा, Video

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+