इंदौरः बाघ के बाड़े में कूद रहा था युवक, कहा- मैं पशु प्रेमी हूं, मेरी मौत पर किसी जानवर का पेट भरता
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के जू में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक बाघ के पिंजरे में कूदने की कोशिश करने लगा। शख्स को बाड़े पर चढ़ता देख आनन-फानन में जू के कर्मचारी दौड़ते हुए आए और उसे पकड़कर नीचे उतारा। व्यक्ति जहां कूदने जा रहा था वहीं बाघ बैठा हुआ था। युवक ने पूछताछ करने पर बताया कि वह आर्थिक तंगी से परेशान था और उस पर कर्ज भी हैं।

कर्मचारियों ने जाली पर चढ़ते हुए देखा
बाड़े में कूदने को लेकर शख्स ने कहा कि वह एक पशु प्रेमी है, मेरी मौत पर किसी जानवर का पेट भरता तो मुझे खुशी होती। जू प्रबंधन ने शख्स को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। जू प्रभारी उत्तम यादव ने बताया कि बाड़े में कूदने वाला शख्स अपना नाम विजय झाला बता रहा है। दोपहर को कर्मचारियों ने उसे बाड़े में लगी जाली पर चढ़ते हुए देखा।

आनन-फानन में दौड़कर बचाया
इस दौरान कर्मचारियों ने आवाज लगाकर नीचे उतरने को कहा, लेकिन वह और ऊपर की ओर बढ़ने लगा। इसके बाद कर्मचारी दौड़े और बाड़े पर चढ़कर शख्स को नीचे उतारा। युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है। युवक ने कहा कि सब उससे पूछ रहे हैं कि तुम बेरोजगार क्यों हो। मैं कहता हूं देश के लिए मरना चाहता हूं। अब क्या कहना है। साल 2016 में मेरी सैलरी थी 6 हजार रुपये।

आर्थिक तंगी से परेशान है युवक
इसके साथ ही उसने बताया कि वह सिंहस्थ में एक छोटी सी दुकान खोली, जहां वो बिस्किट और पानी का पाउच बेचता था। इसके बाद जीएसटी लागू हो गया, प्लास्टिक बंद हो गया और हम पूरी तरह से बेरोजगार हो गए। इसके बाद परिवार की ख्वाहिश पूरी नहीं कर पाया। वे जैसा जीना चाहते हैं मैं वैसा नहीं चला पाया। बेरोजगारी और कर्ज से परेशान होकर जान दे रहा था। मैं पशुप्रेमी हूं। अगर मेरी मौत से किसी जानवर का पेट भरता तो मुझे खुशी होती।

इससे पहले भी हो चुकी है घटना
बता दें कि इससे पहले भी ऐसी घटना घटित हो चुकी है। साल 2015 में राहुल नाम का युवक जू के गार्ड की नजरों से बचते हुए शेर के बाड़े में घुस गया था। वह तीन फीट ऊंची रेलिंग से कूदकर बफर जोन में पहुंच गया था, जो जमीन से करीब 8 फीट गहरा है। उसने शराब पी रखी थी और चिल्ला रहा था कि वह जिंदगी से तंग आ चुका है। उसे मर जाने दो।












Click it and Unblock the Notifications