MP news: कॉलोनियों में लगेगी ड्रग पेडलर को जमानत देने वाले की तस्वीर, गृहमंत्री बोले- इंदौर से होगी शुरुआत
इंदौर में जनसेवा अभियान के तहत बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश के गृह मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा शामिल हुए. इस दौरान अभियान की समीक्षा करने के साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के द्वितीय चरण में इंदौर जिले में अच्छा काम हुआ है। सभी विभागों के अधिकारी अब प्राप्त आवेदनों का सूक्ष्मता से परीक्षण करें और अधिकतम नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें। यह बात इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने रेसीडेंसी कोठी इंदौर में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में कही। बैठक में राजेन्द्र नगर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम भवन का नाम स्वर कोकिला स्वर्गीय लता मंगेशकर ऑडिटोरियम रखे जाने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। वही विधायक रमेश मेंदोला के प्रस्ताव पर नंदा नगर स्थित नवीन शासकीय महाविद्यालय का नाम माँ कनकेश्वरी देवी शासकीय महाविद्यालय इंदौर रखे जाने का निर्णय लिया गया। इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माणाधीन फूटी कोठी चौराहे पर निर्मित होने वाले फ्लाईओवर ब्रिज का नामकरण संत श्री सेवालाल के नाम से किए जाने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
जनसेवा अभियान का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन
बैठक में बताया गया कि, जनसेवा अभियान का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है। यह अभियान 31 मई तक चलेगा। अभियान के तहत एक लाख 54 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 91 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निराकरण करते हुए एक लाख 41 हजार से अधिक आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। शेष आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई भी संबंधित विभागों द्वारा की जा रही है। बताया गया कि, लर्निंग लाइसेंस के लिए परिवहन विभाग को 4735 आवेदन मिले थे। इन सभी का निराकरण करते हुए सभी आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस दे दिए गए हैं।
कॉलेजों में लग रहे शिविर
युवाओं के लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए कॉलेजों में विशेष शिविर आयोजित हो रहे हैं। इसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। जिले में अभियान के तहत राजस्व प्रकरणों का भी प्राथमिकता से निराकरण हो रहा है। राजस्व विभाग द्वारा चालू खसरा, खतोनी और चालू नक्शे की प्रतिलिपियां देने के लिए प्राप्त सभी 29 हजार 281 आवेदनों का निराकरण करते हुए प्रतिलिपियां संबंधितों को दी गई है। कुलमिलाकर, देखा जाए तो प्रदेश के गृहमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा इंदौर दौरे पर आए, जहां उन्होंने जिला योजना समिति के साथ ही मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की है।
गृहमंत्री ने कही ये बात
गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा की, मध्यप्रदेश में ड्रग पेडलर को जमानत देने वाले व्यक्ति की तस्वीर उसके निवास स्थान के पास चस्पा की जाएगी। इसकी शुरुआत इंदौर से की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा की, अवैध कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया पर दिग्विजय सिंह जी निराधार सवाल उठा रहे हैं। पिछले 20 वर्षों से प्रदेश की जनता ही उनके उठाए सवालों को खारिज करती आ रही है।
ये भी पढ़े- Indore news: जिम्मेदारों तक पहुंची जनता की आवाज, MD ने अधिकारियों को दिए बिजली सप्लाई सुधारने के निर्देश












Click it and Unblock the Notifications