Indore Weather News: इंदौर में बारिश ने तोड़ा 61 सालों का रिकॉर्ड, महू में बही कार, यशवंत सागर डैम के गेट खुले
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में भारी बारिश के चलते हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं, जहां शुक्रवार की शाम से शुरू हुई भारी बारिश का सिलसिला शनिवार की सुबह तक जारी है। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भर गया है, तो वहीं नदी-नाले भी उफान पर नजर आ रहे हैं।
भारी बारिश के चलते यशवंत सागर डैम भी लबालब भर चुका है, जिसके बाद डैम के दो गेट खोले गए हैं, तो वहीं इंदौर के पास महू में कार बहने का मामला भी सामने आया है, जिसमें कार सवार लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है। इंदौर में हो रही भारी बारिश के चलते जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी मैदान संभाल लिया है, जहां महापौर पुष्यमित्र भार्गव और कलेक्टर इलैया राजा टी मैदान में नजर आए।

लगातार हो रही बारिश
प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जहां पिछले 61 सालों का रिकॉर्ड भी टूट गया है। इंदौर में बीते 24 घंटे में लगभग 7 इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है, लगातार हो रही बारिश के चलते यशवंत सागर डैम भर चुका है, जहां डैम के दो गेट खोल दिए गए हैं। वहीं महू में देर रात कर बहने का मामला भी सामने आया था, जिसमें पूर्व मंत्री रंजना बघेल का बेटा भी सवार था। वहीं स्थानीय लोगों ने कार सवार लोगों का रेस्क्यू कर लिया। इधर, महू से ही सुबह एक बार फिर कार बहने का मामला सामने आया है, जिसमें ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को नाले से बाहर निकाला।
मैदान में डटे महापौर और कलेक्टर
भारी बारिश के चलते शहर की स्तिथि का जायज़ा लेने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मैदान संभाला। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने निगम के आला अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। सभी झोन के अफसरों से कंट्रोल रूम पहुँचकर की सेट पर बात की है। इधर, कलेक्टर इलैया राजा टी कंट्रोल रूम पहुंचे, और शहर में लगातार हो रही भारी बारिश की स्थिति का जायजा लिया, जहां कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
ये भी पढ़े- MP news: भारी बारिश से तरबतर मालवा-निमाड़, उफान पर नदी-नाले, इन जिलों में बिगड़े हालात












Click it and Unblock the Notifications