Neemuch में दीनदयाल रसोई योजना का लाभ जरूरतमंदों को दिलाने की पहल, कलेक्टर ने ली बैठक
मध्यप्रदेश में नीमच में दीनदयाल रसोई योजना वर्तमान में भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा संचालित कर रही है। प्रतिदिन डेढ़ सौ से अधिक नागरिक दस रूपये में सम्मान पूर्वक बैठकर भरपेट भोजन कर रहे हैं।

दीनदयाल अंत्योदय रसोई योजना की जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक गुरूवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में कलेक्टर मयंक अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में एडीएम नेहा मीना, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी गरीमा पाटीदार, अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि, नीमच में दीनदयाल रसोई योजना वर्तमान में भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा संचालित कर रही है। प्रतिदिन डेढ़ सौ से अधिक नागरिक दस रूपये में सम्मान पूर्वक बैठकर भरपेट भोजन कर रहे हैं। रसोई योजना का समय 11 से 3 बजे तक का है। कलेक्टर ने आमजनों की सुविधा के लिए रसोई योजना का समय अपरान्ह 3 बजे से बढाकर शाम 6 बजे तक करने का सुझाव भी दिया।
व्यापक प्रचार और प्रसार किया जाए
बैठक में और अधिकाधिक नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि दस रूपये में भरपेट भोजन व्यवस्था का व्यापक प्रचार प्रसार करने के लिए बोर्ड लगाया जाए। दानदाताओं को दीनदयाल रसोई व्यवस्था में आर्थिक सहयोग के लिए प्रेरित करने और उनका उत्साहवर्धन करने के लिए दीनदयाल रसोई पर दानदाताओं के नाम का फ्लेक्स प्रदर्शित किया जाए और सुविधाजनक दान के लिए क्यूआर कोड चस्पा करवाया जाए। कलेक्टर ने दीनदयाल रसोई योजना का लाभ अधिकाधिक जरूरतमंदों को दिलाने के निर्देश भी दिए।
मिलावट से मुक्ति अभियान जारी
नीमच कलेक्टर मयंक अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर जांच कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत शर्मा ने मंगलवार को नीमच जनपद क्षेत्र के हरकियाखाल सान्दा पुलिस चौकी के सामने स्थित बल्क मिल्क चिलिंग सेंटर पर प्राथमिक जांच कर मिलावट की आशंका होने पर दूध का नमूना जांच हेतु लिया गया है। उक्त जानकारी देते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री यशवंत शर्मा ने बताया कि कलेक्टर श्री मयंक अग्रवाल के मार्गदर्शन में मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत सोमवार को कानका चौराहे पर होटल तुलसी का निरीक्षण किया गया, और मिलावट की आशंका होने पर दही का नमूना लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications