बारात में पसंद का गाना ना बजाने पर हुआ विवाद, युवक को उतारा मौत के घाट!
इंदौर, 27 मई: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में लगातार अपराध बढ़ते चले जा रहे हैं, जहां छोटी-छोटी बातों पर हत्या जैसी बड़ी वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है. शहर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में मामूली बात पर युवक की हत्या कर दी गई. दरअसल, क्षेत्र में एक बारात निकल रही थी, जिसमें बाराती पक्ष के लोग डीजे पर डांस कर रहे थे. इस बीच एक युवक ने अपनी पसंद का गाना डीजे पर लगाने के लिए कहा, जिसके बाद डीजे चालक और युवक के बीच विवाद हो गया, जिसमें युवक ने डीजे चालक को चांटा मार दिया, मौके पर मौजूद लोगों ने उस समय दोनों को ही समझा कर मामला रफा-दफा कर दिया, लेकिन थोड़ी देर बाद डीजे चालक अपने साथ कुछ लोगों को लेकर विवाह स्थल पहुंचा, और युवक को चाकू मार दिए. इस बीच युवक का भाई बीच बचाव करने आया, तो डीजे चालक और उसके साथियों ने उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया. वहीं दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया, तो वहीं युवक के भाई का इलाज फिलहाल जारी है.

पुलिस ने डीजे चालक और साथियों को हिरासत में लिया
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बारात निकलने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वहीं इस घटनाक्रम में युवक की बुआ का लड़का गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए, डीजे के ड्राइवर समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है.
पेशे से ड्राइवर है मृतक
शहर में इन दिनों लगातार हत्या जैसी वारदातों का सिलसिला बढ़ता चला जा रहा है, जहां लगातार शहर में इस तरह की वारदात सामने आ रही है. इस घटनाक्रम में मृतक युवक पेशे से ड्राइवर था. मृतक घर में इकलौता कमाने वाला था. इस पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में जहां हड़कंप मच गया, तो वहीं परिवार में शोक का माहौल व्याप्त है.












Click it and Unblock the Notifications