Indore News: स्वच्छ शहर में अनूठी पहल, सफाईकर्मियों के बच्चों को मिलेगी फ्री कोचिंग
इंदौर में सफाई कर्मचारियों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग दी जायेगी। आवासहीन सफाई कर्मचारियों के लिए आवासीय संकुल भी बनाया जायेगा। सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों की पूर्ति और उन्हें स्थाई करने की कार्यवाही शीघ्र की जायेगी। बर्खास्त/निलंबित सफाई कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने के लिए एक ओर अवसर दिया जायेगा। इसके लिए शिविर आयोजित किया जायेगा।
यह जानकारी राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया द्वारा सफाई कर्मचारियों के संबंध में ली गई समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त हर्षिका सिंह सहित अन्य अधिकारी और विभिन्न सफाई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे।

बैठक में प्रताप करोसिया ने सफाई कर्मचारियों के उत्थान व कल्याण के संबंध में नगर निगम, आदिम जाति/अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, पुलिस, जिला पंचायत, स्वास्थ्य विभाग आदि के अधिकारियों से चर्चा कर समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम में स्थाई सफाई कर्मचारियो की संख्या, सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों की जानकारी, दैनिक वेतन भोगी सफाई कर्मचारियों की संख्या, नियुक्ति आदेश, वरिष्ठता सूची, आउटसोर्स के माध्यम से रखे गये सफाई कर्मचारियों की सूची, ठेकेदार एजेन्सी को दिये गए कार्यादेश, आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की सक्षम स्वीकृति, नगर निगम द्वारा निर्मित किये महर्षि बाल्मिकी सामुदायिक भवनों की जानकारी, सफाई कर्मचारियों के पदोन्नति/स्थाईकरण, वेतन भत्ते में वृद्धि आदि की जानकारी, आवासहीन सफाई कर्मचारियों तथा सफाई कर्मचारियों की बस्ती के विकास, सफाई कर्मचारियों की अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों की जानकारी, वर्ष 2021 से 2024 तक दैनिक वेतन भोगी, विनियमित सफाई कर्मचारी और नियमित सफाई कर्मचारियों की निलंबित/बर्खास्त करने की कार्रवाई आदि की समीक्षा की।
इसके साथ ही आदिम जाति/अनुसूचित जाति कल्याण विभाग में संलग्न सफाई कर्मचारियों के छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय विद्यालय एवं होस्टल में दाखिले, सफाई कर्मचारियों के बच्चों को दी जाने वाली उत्कर्ष पुरस्कार सहायता राशि, दैनिक वेतन भोगी सफाई कर्मचारी (पार्ट टाईम/फुल टाईम) के वेतन, भत्ते, ई.पी.एफ. एवं ई.एस.आई.सी. आदि की जानकारी एवं अन्य बिन्दुओं पर भी समीक्षा की गई।
करोसिया ने कहा कि, सफाई मित्रों के विकास एवं उत्थान के लिये नगर निगम इंदौर द्वारा बहुत ही अच्छा कार्य किया जा रहा है। साथ ही सफाई कर्मचारियों हेतु निर्मित सामुदायिक भवन के शेष रहे कार्यो को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। साथ ही आउटसोर्स के माध्यम से विभिन्न विभागों में रखे गये सफाई कर्मचारियो का अनिवार्य रूप से पीएफ जमा कराने के निर्देश भी दिये गये।
ये भी पढ़े- Bharat Band Live: MP की मंडियों में भारत बंद का असर, किसान बोले- नहीं छोड़ेंगे कोई कसर












Click it and Unblock the Notifications