MP: पत्नी ने मांगी वोटर पर्ची, नाराज पति ने दे दिया तीन तलाक
इंदौर, 8 जुलाई: प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां महिला ने जब अपने पति से वोटर पर्ची मांगी तो पति इतना नाराज हो गया कि, उसने वैवाहिक रिश्ता ही खत्म कर दिया। पति ने महिला को तीन बार तलाक बोलकर उससे अपने सारे रिश्ते खत्म कर लिए। दरअसल, यह मामला इंदौर की एमआइजी कॉलोनी का है, जहां रहने वाली महिला ने पुलिस से अपने पति की शिकायत की है, पीड़ित पत्नी ने पुलिस को बताया कि मतदान के दिन उसके पति ने उसे मताधिकार से वंचित रखा।

कुछ ऐसा है पूरा मामला
महिला पिछले कई माह से अपने मायके में रह रही थी, जहां बीएलओ ने मतदान की पर्ची उसके घर भेज दी थी, जिसके बाद पत्नी अपनी वोटर पर्ची लेने पति के पास गई, जहां उसने अपने पति से वोटर पर्ची मांगी, इसी बात से नाराज होकर पति ने महिला को तीन तलाक दे दिया। साथ ही पति ने महिला से अपने सारे वैवाहिक रिश्ते भी खत्म कर लिए।

कुछ दिनों से चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक पति और पत्नी के बीच पिछले कुछ माह से विवाद चल रहा था, जहां पति पत्नी से फ्लैट अपने नाम पर करवाने की कोशिश कर रहा था। पीड़िता ने पति पर आरोप लगाते हुए फ्लैट के लिए दबाव बनाने की बात भी कही है। बहरहाल, अब पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जहां जल्द ही इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ी सच्चाई सामने आ जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश
इंदौर में अब से कुछ दिनों पहले ही नगर निगम चुनाव संपन्न हुए हैं, जहां यह पूरा घटनाक्रम इसी चुनाव में मतदान करने के दौरान हुआ, जहां जब मतदान करने के लिए पत्नी अपने पति के पास वोटर पर्ची लेने पहुंची तो उसने तीन तलाक दे दिया। वहीं अब पुलिस अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications