Zee Cine Awards: पहली बार दर्शकों के बिना आयोजित हुआ अवॉर्ड फंक्शन, रणवीर की जीत पर ये बोलीं दीपिका
मुंबई। अभिनेता रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी एक तस्वीर शेयर की है। जिसमें वह तीन पुरस्कारों के साथ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने ये तीनों पुरस्कार शुक्रवार को आयोजित जी सिने अवॉर्ड्स में जीते हैं। रणवीर को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, वर्ष का सर्वश्रेष्ठ गाना और सर्वश्रेष्ठ ऑन-स्क्रीन पेयर श्रेणी में पुरस्कार मिले हैं। वहीं अभिनेत्री तापसी पन्नू को बदला फिल्म में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला है।

इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर करते हुए रणवीर ने बताया कि उन्हें ये पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए गए हैं। उनके पोस्ट पर इंडस्ट्री के बहुत से लोगों ने प्रतिक्रिया दी। इस बीच उनकी पत्नी और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के कमेंट ने सबका दिल जीत लिया। दीपिका ने रणवीर की पोस्ट पर कमेंट कर लिखा, 'हाय, आप बहुत हैंडसम हैं... ओके बाय।'
गली बॉय फिल्म में रणवीर के साथ काम करने वाले अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी ने लिखा, 'बॉयय'। वहीं फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने लिखा, 'बधाई।' इनके अलावा और भी बहुत सी हस्तियों ने रणवीर को बधाई दी। इन लोगों में वेस्ट इंडीज के पूर्व खिलाड़ी ब्रायन लारा और इंग्लैंड के फुटबॉलर एलन शियारर का नाम भी शामिल है। वहीं तापसी ने भी अपनी तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की है।
बता दें ऐसा पहली बार हो रहा है, जब जी सिने अवॉर्ड 2020 बिना दर्शकों के आयोजित हुआ है। आयोजन के दौरान कई सितारों ने परफॉर्मेंस भी दीं, जिसे टेलीविजन पर प्रसारित किया जाएगा। कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच दर्शकों को इस बार आयोजन में प्रवेश करने की इजाजत नहीं थी।
इस बीच होस्ट्स की ओर से बयान में कहा गया कि जिन लोगों ने शो के लिए टिकट खरीदे थे, उन्हें उनका पैसा वापस मिल जाएगा। हालांकि जो लोग शो देखना चाहते हैं, वह 28 मार्च को शाम 7.30 बजे इसे जी टीवी और जी सिनेमा पर देख सकते हैं। इसके अलावा अगर कोई टीवी पर प्रसारित होने से पहले शो देखना चाहता है तो वह जी5 पर इसे देख सकता है।












Click it and Unblock the Notifications