ओडिशा में बेरोजगारी के मुद्दे पर बड़े आंदोलन की तैयारी में यूथ कांग्रेस
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ओडिशा सरकार के खिलाफ बेरोजगारी के मुद्दे पर हल्लाबोल करने की तैयारी में है। ओडिशा यूथ कांग्रेस ने गुरुवार को इस बात का ऐलान किया है कि वह प्रदेश में रोजगार दो, न्याय दो के नारे के साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने जा रही है।
प्रदेश में रोजगार का सृजन करने में जिस तरह से केंद्र और राज्य सरकार बुरी तरह से विफल रही है उसके खिलाफ प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। ओडिशा प्रदेश यूथ कांग्रेस ने इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि ओपीवाईसी की विस्तारित कार्यकारी निकाय की बैठक में इसको लेकर फैसला लिया गया है।

अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव ओर ओडिशा प्रभारी मिलिंद गौतम ने इसका ऐलान करते हुए कहा कि सभी जिला मुख्यालयों में आंदोलन शुरू किया जाएगा। गौतम ने आरोप लगाया है कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने में, रोजगार के अवसर पैदा करने में पूरी तरह से विफल रही हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने वादा किया था कि वह हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देगी। नौकरियों के अवसर पैदा करेगी। वहीं बीजू जनता दल ने भी घोषणा की थी कि वह दो लाख युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेगी। लेकिन केंद्र सरकार के विभाग में जहां 10 लाख पद खाली है तो वहीं ओडिशा में अलग-अलग विभागों में 2.26 लाख पद खाली पड़े हैं। युवा कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं से अपील की है कि वह इस आंदोलन में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें।












Click it and Unblock the Notifications