छत्तीसगढ़: गर्ल्स हॉस्टल में घुसा मनचला, सोते समय खींची लड़की की चादर
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक सरकारी गर्ल्स हॉस्टल की सुरक्षा में सेंध लगाकर घुसे एक मनचले ने लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। बताया जा रहा है कि आरोपी रविवार सुबह करीब 4 बजे हॉस्टल में घुसा था।

जशपुरनगर स्थित डाएट हॉस्टल में 40 लड़कियां रहती हैं, लेकिन घटना के वक्त वहां सुपरिंटेंडेंट, गार्ड या कोई और केयरटेकर नहीं था। आरोपी चोरी-छिपे हॉस्टल में घुसा और एक कमरे में सो रही लड़की चादर खींच ली। उसने उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की लेकिन लड़की ने शोर मचा दिया।
दो घंटे बाद पहुंची पुलिस
शोर सुनकर दूसरी लड़कियां भी अपने कमरों से बाहर आईं तो आरोपी भागने लगा। लड़कियों ने करीब आधा किलोमीटर तक उसका पीछा किया और आखिरकार उसे पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया। पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती और दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक आरोपी लड़कियों की कस्टडी में ही था।
शिक्षा अधिकारी ने गार्ड को किया सस्पेंड
18 साल के आरोपी अमर बारला ने बताया कि वह ताला तोड़कर हॉस्टल में घुसा था। उसे किसी भी जगह पर कोई गार्ड नहीं मिला। मामला सामने आने पर जिला शिक्षा अधिकारी एसएन पांडा ने हॉस्टल के गार्ड को सस्पेंड कर दिया। उन्होंने कहा कि वे पुलिस विभाग से दो सुरक्षाकर्मियों की मांग करेंगे।
पहले भी सवालों में रहे हैं सरकारी हॉस्टल
पुलिस ने आरोपी युवक को आईपीसी की धारा 456 और 354 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि बीते काफी समय से राज्य के सरकारी हॉस्टलों में लड़कियों के साथ यौन उत्पीड़न के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।












Click it and Unblock the Notifications