बहन के लिए फ्रूटी लेने घर से बाहर गया भाई, लौटा तो जीजा को मार दी गोली
रुकईया का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उसके छोटे भाई ने उससे बातचीत करना शुरू किया था। उसने बहन की माता-पिता से भी बात कराकर सब कुछ ठीक होने की बात कही थी।
नई दिल्ली। अपनी बहन के लव मैरेज से खफा युवक ने बहने के सामने ही जीजा को गोली मार दी। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में अपनी बहन के प्रेम विवाह करने से नाराज एक लड़के ने रविवार को अपने जीजा की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव बछरांऊ, मुरादाबाद निवासी आसिफ (26) के रूप में हुई है। आरोपी साले ने बहन व जीजा का विश्वास जीतकर उन्हें धोखे से लोनी से दिल्ली बुला लिया। बाद में उसने आसिफ के सिर में गोली मारी और मौके से फरार हो गया। जख्मी हालत में आसिफ को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस आरोपी साले की तलाश कर रही है
पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। पुलिस आरोपी साले की तलाश कर रही है। खबर के मुताबिक आसिफ अपने परिवार के साथ लोनी में रहता था। इसका साइन बोर्ड बनाने का काम था। एक अप्रैल 2017 को आसिफ ने बेहटा-हाजीपुर, लोनी निवासी रुकईया नामक युवती से प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के बाद से रुकईया के परिजन बेहद खफा थे। दोनों का आपस में मिलना-जुलना भी नहीं था।

आरोपी ने धोखे से घर बुलाया
रुकईया का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उसके छोटे भाई ने उससे बातचीत करना शुरू किया था। उसने बहन की माता-पिता से भी बात कराकर सब कुछ ठीक होने की बात कही थी। आरोपी ने आसिफ से भी मोबाइल पर बातचीत शुरू कर दी थी। रविवार सुबह आरोपी ने फोन कर अपनी बहन-जीजा को मीत नगर आने के लिए कहा, जहां वह कम्प्यूटर की पढ़ाई करता था। उसने दोनों को अपने साथ घर चलने के लिए कहा।

'आसिफ के सिर से सटाकर गोली मार दी'
आसिफ इस पर उसकी बात में आ गया। शाम करीब साढ़े तीन बजे आसिफ रुकईया को लेकर मीत नगर आ गया। इधर आरोपी साला फ्रूटी लेने जाने की बात कर थोड़ी देर में एक बैग के साथ वहां पहुंचा। आरोपी ने बैग से तमंचा निकालकर आसिफ के सिर से सटाकर गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर आसिफ की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications