'आप मुसलमानों के खिलाफ हैं, लेकिन सऊदी में...', वक्फ कानून पर ममता बनर्जी ने PM मोदी को यूं घेरा
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 को लेकर तीखा हमला बोला है। ममता बनर्जी ने कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि वे "मुसलमानों के खिलाफ" हैं, लेकिन पश्चिम एशियाई देशों में उन्हें मुसलमानों का आतिथ्य प्राप्त हो रहा है।
ममता बनर्जी ने एक कार्यक्रम में मुस्लिम मौलवियों और समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा, 'आप देश में मुसलमानों के खिलाफ हैं, लेकिन जब आप सऊदी अरब, दुबई या यूएई जाते हैं, तो वहीं मुसलमानों से मिलते हैं और उन्हीं का आतिथ्य स्वीकार करते हैं। आप अपने देश में कुछ और कहते हैं और विदेशों में कुछ और करते हैं।'

इस दौरान ममता बनर्जी ने वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ विपक्षी दलों और आम नागरिकों से एकजुट होकर विरोध करने की अपील की। उन्होंने कहा,'यह कोई व्यक्तिगत मामला नहीं है। आज यह किसी एक समुदाय पर असर डाल रहा है, कल यह किसी और के खिलाफ होगा। अब सरकार समान नागरिक संहिता लाने की तैयारी में है। हमें मिलकर इसका सामना करना होगा।'
राज्यपाल और ममता कल मुर्शिदाबाद जाएंगे
मुर्शिदाबाद में हिंसा को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, 'राज्यपाल और मैं कल मुर्शिदाबाद जाएंगे। मुर्शिदाबाद में अशांति की जांच के लिए एक SIT का गठन किया गया है। राज्य सरकार पीड़ितों के लिए घर बनाएगी। प्रशासन मुर्शिदाबाद के लोगों का विश्वास बहाल करने की कोशिश कर रहा है।'
मुर्शिदाबाद में जांच के लिए SIT गठित
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब मुर्शिदाबाद जिले में अधिनियम के विरोध के दौरान हिंसा भड़क उठी। 11 अप्रैल को हुए प्रदर्शन के दौरान पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कई घायल हुए। प्रदर्शन के दौरान संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा और पुलिस कार्रवाई में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
राज्य सरकार ने इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। पीटीआई के अनुसार, SIT में एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खुफिया शाखा), दो डिप्टी एसपी (एक आतंकवाद निरोधक बल और दूसरा सीआईडी से), पांच निरीक्षक और साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को शामिल किया गया है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Murshidabad violence: 'मुर्शिदाबाद हिंसा के लिए केंद्र जिम्मेदार', जानिए ममता बनर्जी ने ऐसा क्यों कहा?












Click it and Unblock the Notifications