'योग ने कई देशों को कोविड से लड़ने में की मदद', केंद्रीय मंत्री ने की PM Modi की तारीफ
पणजी, 28 मई। केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक ने कहा है कि मोदी सरकार के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग को लेकर चलाए गए जन जागरूकता कार्यक्रम के चलते बहुत सारे देशों को कोविड-19 महामारी से लड़ने में मदद मिली है। केंद्रीय मंत्री गोवा के पणजी में कोविड-19 के इलाज के लिए दी जाने वाली दवा 'आयुष 64' के वितरण अभियान की शुरुआत के मौके पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी मौजूद थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा सात साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 मई) को मनाना शुरू किया था जिसके चलते दुनिया भर में योग को लेकर जागरूकता बढ़ी थी। उन्होंने आगे कहा कि अब कई देश ये मान रहे हैं कि वे योग के जरिए कोविड-19 से लड़ सके हैं क्योंकि उन्हें इसके फायदे के बारे में बताया गया था।
आयुष मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक ऐसे दूरदर्शी नेता के रूप में तारीफ की जिन्होंने जीवन के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करने वाली प्राचीन प्रथा का ज्ञान दुनिया में फैलाया।
राज्य में स्थापित किए गए आयुष क्लीनिक
इस अवसर पर बोलते हुए सावंत ने कहा कि राज्य सरकार अपने कोविड-19 प्रबंधन कार्यक्रम में आयुष (आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी) डॉक्टरों की मदद ले रही है। उन्होंने कहा कि राज्य द्वारा संचालित स्वास्थ्य केंद्रों में आयुष क्लीनिक स्थापित किए गए हैं जो लोगों को कोरोनोवायरस जटिलताओं से निपटने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
सावंत जो खुद आयुर्वेद चिकित्सक हैं ने कहा कि 'आयुष 64' दवा को केंद्र सरकार के विभिन्न अधिकारियों द्वारा अनुमोदित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications