'राम सबके हैं, ये देश सभी का है, बयानबाजी तो चलती रहती है', RSS नेता इंद्रेश के बयान पर बोले बाबा रामदेव
Baba Ramdev: योग गुरु रामदेव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नेता इंद्रेश कुमार के लोकसभा चुनाव नतीजों पर दिए बयान पर प्रतिक्रिया दी है। बाबा रामदेव ने हरिद्वार के हरी सेवा आश्रम में चल रहे संत सम्मेलन में मीडिया से कहा कि, 'ये देश सबका है और राम सबके हैं। बयानबाजी तो चलती ही रहेगी।'
बाबा रामदेव ने कहा है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के अपने आदर्श वाक्य के साथ देश को आगे बढ़ाया है। रामदेव ने कहा है कि, ''राजनीतिक बयानबाजी तो अक्सर होती रहती है, भगवान राम सबके हैं। ये भारत देश सबका है। हम सभी एक-दूसरे जुड़े हैं।''

ये भी पढ़ें- Fact- Check: बाबा रामदेव ने क्या सच में की राहुल गांधी की प्रशंसा, Viral Video का दावा कितना सच? जानिए
बाबा रामदेव ने कहा, ''जाति, संप्रदाय और विचारधाराओं के आधार पर देश में विभाजन पैदा करना राष्ट्रीय एकता के लिए ठीक नहीं है। हम सभी एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।''
RSS नेता इंद्रेश कुमार के बयान पर क्या बोले बाबा रामदेव?
आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार ने कहा है कि, 'आप 2024 में राम राज्य का विधान देखिए, जिनमें राम-भक्ति थी लेकिन धीरे-धीरे उनमें अहंकार आ गया, उन्हें 240 सीटों पर रोक दिया गया। वहीं जिनकी राम के प्रति आस्था नहीं थी, उन्हें 234 सीटों पर रोक दिया गया था और यही प्रभु का न्याय है।'
इंद्रेश कुमार के बयान पर बाबा रामदेव ने कहा, ''पीएम नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, नीतियां, चरित्र और व्यक्तित्व बहुत बड़ा है और यह वर्षों की तपस्या की वजह से है। पीएम नरेंद्र मोदी के सामने कोई नहीं टिकता है, उनका व्यक्तित्व हिमालय जैसा है।''
ये भी पढ़ें- 'पीएम मोदी की RSS को गंभीरता से नहीं लेते', इंद्रेश कुमार के बयान को लेकर कांग्रेस का तंज
इंद्रेश कुमार ने अपने बयान से लिया यू-टर्न
आरएसएस के नेता इंद्रेश कुमार ने नुकसान की भरपाई के लिए अपने बयान से यू-टर्न लिया है। अब इंद्रेश कुमार ने कहा है कि, भगवान राम के संकल्प को अपनाने वाले लोग अब सत्ता में हैं।
शुक्रवार (16 जून) को इंद्रेश कुमार ने एक और बयान दिया, इस बार उन्होंने भाजपा की तारीफ की। इंद्रेश कुमार ने कहा, ''राम का विरोध करने वाले सभी सत्ता से बाहर हैं, जबकि राम का संकल्प लेने वाले अब सत्ता में हैं।"
उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनी है। लोगों में यह व्यापक विश्वास है कि उनके नेतृत्व में देश दिन-रात तेजी से तरक्की करेगा। हम आशा और कामना करते हैं कि यह विश्वास फले-फूले।"












Click it and Unblock the Notifications