Yes Bank और कपूर 'खानदान', 61 कंपनियों में डायरेक्टर-2,000 करोड़ की संपत्ति में निवेश
नई दिल्ली- यस बैंक के डूबने के पीछे की कहानी की परतें धीरे-धीरे खुल रही हैं। जो जानकारी छनकर सामने आ रही है, उससे जाहिर हो रहा है कि कंपनी के पूर्व सीईओ और उसके परिवार ने आम जमाकर्ता के पैसों को किस तरह से दोनों हाथों से लुटाया और हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति जुटा ली है। हालांकि, ये सब अभी जांच में से निकलकर बाहर आ रही जानकारियां ही हैं, लेकिन जो कुछ बताया जा रहा है, वह पैर के नीचे से जमीन खिसकने जैसा है। राणा कपूर ने यस बैंक को अपनी बपौती की तरह इस्तेमाल किया और परिवार को मालामाल कर दिया। लेकिन, अब राणा तो गिरफ्त में आ ही चुका है, पूरे परिवार पर भी शिकंजा कसा जा चुका है और गरीबों के खून के आंसू बहा रहे हैं तो उन्हें और उनके आकाओं को पाई-पाई का हिसाब देना भी पड़ेगा और उसे चुकाना भी पड़ेगा।

किकबैक से खरीदी 2,000 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति?
यस बैंक की चौपट होने की कहानी जैसे-जैसे सामने आ रही है, इसके पूर्व सीईओ राणा कपूर और उसके परिवार ने आम लोगों के पैसे से क्या-क्या गुल खिलाए हैं ये बातें भी सामने आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक राणा कपूर से जुड़े मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय ने रविवार को खुलासा किया है कि राणा ने संपत्तियों में 2,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है। ये जानकारी ईडी की ओर से राणा से हुई पूछताछ के बाद सामने आ रही है, जिसे 11 मार्च तक के लिए इसकी रिमांड में भेज दिया गया है। ये भी जानकारी मिल रही है कि ये सारी संपत्तियां किकबैक (रिश्वत) के पैसों से जुटाई गई हैं और सारी भारत में ही हैं। राणा की यूके वाली प्रॉपर्टी की भी पहचान होने की बात सामने आ रही है, लेकिन उसका पूरा आंकलन अभी किया जा रहा है।

कपूर खान के नाम 60 से ज्यादा कंपनियां
ईडी को ये भी संदेह है कि राणा कपूर के परिवार वालों के नाम से जुड़ी कंपनियों का इस्तेमाल ही किकबैक लेने और मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया जाता था। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक राणा कपूर का खानदान 60 से ज्यादा कंपनियों के डायरेक्टर हैं, जिसमें उसकी पत्नी, तीन बेटियां और दामाद का नाम भी शामिल है। चौंकाने वाली जानकारी ये भी सामने आ रही हैं कि ज्यादातर कंपनियों में एक ही निदेशक समूह हैं और वो भी कपूर के परिवार के लोग ही हैं। मजे की बात ये है कि इन कंपनियों में या तो कोई कर्मचारी ही नहीं है या गिनती के कर्मचारी ही रखे गए हैं।

किकबैक के लिए 60 से ज्यादा कंपनियों का खेल !
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राणा कपूर की पत्नी बिंदु कपूर इस वक्त 18 कंपनियों की डायरेक्टर है। जबकि, राणा की तीनों बेटियां राखी कपूर, रोशनी कपूर और राधा कपूर 40 से ज्यादा कंपनियों की डायरेक्टर हैं। मसलन, रोशनी कपूर के पास 23 कंपनियां हैं तो राधा कपूर के पास 20 कंपनियां। यही नहीं राणा कपूर के दामाद आदित्य खन्ना भी कई कंपनियों के डायरेक्टर हैं। ई़डी राधा कपूरी, रोशन कपूर और उसके पति आदित्य का इन कंपनियों से जुड़े तारों की भी पड़ताल कर रहा है। इसकी वजह ये है कि कपूर खानदान से जुड़ी कंपनियों शायद ही को कारोबार किया, लेकिन उन्हें समय-समय पर मोटे लोन मिलते रहे।

600 करोड़ की वो रकम रिश्वत थी?
सूत्रों के मुताबिक राणा कपूर पर रिश्वत के पैसे खपाने के लिए धड़ल्ले से शेल कंपनियां खोलने का आरोप है। इसमें डीएचएफएल को दिया गया लोन भी संदेह के दायरे में है, जो इसे चुकाने की हालत में ही नहीं था। आरोपों के मुताबिक परिवार के सदस्यों के नाम वाली कंपनियों के जरिए ही यस बैंक से लोन देने के एवज में कई कॉर्पोरेट घरानों से राणा ने किकबैक के तौर पर मोटे पैसे की उगाही की। आरोप ये भी है कि डीएचएफएल की ओर से अर्बन वेंचर नाम की कंपनी को 600 करोड़ रुपये का दिया गया लोन रिश्वत ही था, जो यस बैंक के कर्ज को नहीं चुकाने के एवज में दिया गया था।

कस चुका है कपूर खानदान पर शिकंजा
बता दें कि आरबीआई ने यस बैंक पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी हैं और निकासी की सीमा 50 हजार रुपये महीने तय कर दिया है। हालांकि, सरकार ने भरोसा दिया है कि किसी भी जमाकर्ता का पैसा नहीं डूबेगा, लेकिन उनमें दहशत का माहौल कायम होना स्वाभाविक है। इसके साथ ही सरकार ये भी साफ कर चुकी है कि यस बैंक को डुबाने वालों में से किसी को छोड़ा नहीं जाएगा और सबसे बड़ी कामयाबी है कि सरगना राणा कपूर ईडी के हत्थे चढ़ चुका है और उसके पूरे परिवार पर भी कानून का शिकंजा कसा जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications