सीमा से दिलरुबा तक... साल भर छाई रही ऑनलाइन वाली लवस्टोरी, सरहद भी रोक ना पाई इन प्रेमियों को
Year Ender 2023 Love story: साल 2023 अब कुछ दिनों में हम सब से विदाई ले लेगा। हर साल की तरह ये वर्ष भी बहुत सारी अनोखी चीजों के लिए याद किया जाएगा जिसमें से एक है 'ऑनलाइन वाली लवस्टोरी', जिसके लिए दीवानों ने ना केवल अपना धर्म छोड़ा बल्कि अपना परिवार, अपनी पहचान और अपने देश तक को पराया कर दिया।

जी हां, इस बार बहुत सारे किस्से मीडिया में सुर्खियां बने, जिसमें दूसरे देश की लड़के- लड़कियों ने इंडियन को अपना जीवनसाथी चुना, जिसमें कुछ तो शादी करके सफल हो गए तो कुछ विवादों में गिर गए इसलिए उनका जिक्र करना यहां जरूरी है।
सीमा हैदर
'पबजी गेम' खेलते-खेलते ग्रेटर नोएडा के सचिन मीणा के प्यार में पड़कर पाकिस्तान से इंडिया में अवैध रूप से दाखिल हुईं सीमा हैदर आज किसी भी परिचय की मोहताज नहीं हैं। वो अपने चार बच्चों के साथ पाकिस्तान से भारत आई हैं और उन्होंने इस्लाम छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया। सचिन मीणा के लिए अपनी जान देने का दावा करने वाली सीमा हैदर के बारे में एटीएस भी जांच कर रही है, ये प्रेम कहानी आगे क्या मोड़ लेगी ये तो आने वाला वक्त बताएगा लेकिन इसमें कोई शक नहीं सोशल मीडिया पर आज सचिन-सीमा स्टार बन चुके हैं।
अंजू नसरुल्लाह
अगर सीमा ने पाकिस्तान छोड़कर भारत आने के बाद हिंदू धर्म अपनाया तो वहीं राजस्थान की अंजू ने अपने प्रेमी के लिए भारत छोड़ दिया और पाकिस्तान जाकर इस्लाम अपना लिया। राजस्थान के अलवर जिले की रहने वाली अंजू ने फेसबुक फ्रेंड नसरुल्लाह से निकाह किया और अब उसका नाम फामिता है। वो अपने पीछे अपने पति और दो बच्चों को छोड़ गई है।
बांग्लादेशी सपला को हुआ सिलीगुड़ी के लड़के से प्रेम
इस साल की जुलाई में बांग्लादेश की सपला को सिलीगुड़ी के लड़के से ऑनलाइन प्रेम हुआ था और दोनों ने साथ में जीने-मरने की कसम खाई और सपला अवैध ढंग से इंडिया में दाखिल हुई लेकिन ये प्रेम परवान नहीं चढ़ पाया क्योंकि सिलगुड़ी के लड़के ने सपला को धोखा दिया और वो उसे बेचने की फिराक में था लेकिन सपला को वक्त रहते ही सब पता चल गया और उसने पुलिस की मदद ली, ये मामला भी काफी सुर्खियों में रहा था।
पोलैंड की बारबरा को हुआ झारखंड के छोरे से प्यार
पोलैंड की बारबरा पोलक को ऑनलाइन गेम खेलते हुए झारखंड के हजारीबाग के रहने वाले शादाब मलिक से प्यार हुआ और वो उनसे शादी करने के लिए पौलैंड से झारखंड आ गईं, हालांकि वह 2027 तक वैध टूरिस्ट वीजा पर भारत आ गई। दोनों ने शादी के लिए हजारीबाग एसडीएम कोर्ट में आवेदन किया है। बारबरा का अपने पति से तलाक हो चुका है और उसे पहली शादी से एक बेटी है, जिसे कि शादाब मलिक अपना चुके हैं।
बांग्लादेश की दिलरुबा को मिला धोखा
यूपी के श्रावस्ती जिले के रहने वाले अब्दुल करीम को बांग्लादेश की दिलरुबा शर्मी से प्यार हुआ। दोनों की टिकटोक के जरिये दोस्ती हुई थी। दिलरुबा की पहली शादी हो चुकी थी और उसके तीन बच्चे हैं लेकिन उसके पति का कोरोना काल में निधन हो गया था। अब्दुल के कहने पर दिलरुबा शर्मी टूरिस्ट वीजा पर अपनी 15 वर्षीय पुत्री संजीदा, 12 वर्षीय पुत्र मोहम्मद साकिब और 7 वर्षीय पुत्र मोहम्मद रकीब के साथ अब्दुल के घर पहुंची लेकिन वहां जाकर उसे पता चला कि अब्दुल तो शादी शुदा है, उसकी बीवी को जब सच्चाई पता चली तो उसने दिलरुबा को काफी खरी-खोटी सुनाई, मामला थाने पहुंचा और इसके बाद दिलरूबा को बांग्लादेश वापस भेज दिया गया गया।












Click it and Unblock the Notifications