यमुना एक्सप्रेसवे हादसे में बचे शख्स ने सुनाई आपबीती, कहा- लाशों के ढेर पर चढ़कर जान बचाने में लगे थे लोग
नई दिल्ली। यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए बस हादसे को लेकर दिल दहला देने वाला वाकया सामने आ रहा है। जहां बस में सफर करने वाले एक यात्री ने आपबीती बताई है कि घटना के बाद कुछ यात्री लाशों के उपर से चढ़कर बाहर निकल रहे थे। बाराबंकी के रहने वाले इस यात्री ने बस हादसे के बारे में और भी कई अहम बातें बताई है। यात्री का नाम ऋषि यादव। जो खुद भी चोटिल है और फिलहाल आगरा के श्रीकृष्ण अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है।

शवों के उपर से चढ़कर लोग बाहर निकले
मीडिया से बात करते हुए ऋषि यादव ने हादसे को याद करते हुए पूरा दृश्य बताया कि कब क्या हुआ और लोग किस तरह से अपनी जान बचाने के लिए शवों के उपर से चढ़कर बाहर निकल रहे थे। यादव ने कहा कि हम सभी गहरी नींद में थे, बस नाले में गिरने से पहले दो बार टकराई। लगभग एक मिनट तक चीख पुकार के बाद वहां सन्नाट पसर गया। जो यात्री जिंदा थे और निकलने की स्थिति में वो शव के उपर चढ़कर बाहर निकर रहे थे।

30 लोगों की जान चली गई
बता दें कि सोमवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए बस हादसे में 30 लोगों की जान चली गई। बच्चे, महिलाएं समेत कई लोग घायल हैं। कई लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। हादसे की वजह फिलहाल साफ नहीं है। हालांकि, आगरा के डीएम एनजी रवि कुमार का कहना है कि ड्राइवर को झपकी आई, जिसके बाद तेज रफ्तार बस नाले में गिर गई। डीएम का कहना है कि राहत और बचाव कार्य जारी है। इस बस में कुल 53 यात्रियों के साथ डबल डेकर बस लखनऊ से दिल्ली के लिए जा रही थी। तभी आगरा के पास बस डिवाइडर से टकराते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर दो फ्लाईओवर के बीच 40 फीट गहरे खाई में गिर गई।

हाई स्पीड में थी बस और ड्राइवर को आ गई नींद
घटना को लेकर जिलाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि सोमवार 'सुबह करीब साढ़े चार बाजे अवध डिपो लखनऊ की गाड़ी आनंद विहार दिल्ली जा रही थी। मुझे लगता है कि गाड़ी स्पीड में थी और ड्राइवर ने नींद आ गई और बस पर से वो अपना कंट्रोल खो दिया जिसके बाद एत्मादपुर के पास नाले में गिर गई। जबकि कुछ लोगों ने कहा कि बस को लगभग 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया जा रहा था, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि बस का टायर फट गया था जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस ने कहा है कि सड़क पर स्किड के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल योगी सरकार ने इस घटना के जांच के आदेश दिये हैं और मृत के परिजनों को 5-5 लाख रुपए के मुआवजा का ऐलान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications