'दरिया अब तेरी खैर नहीं, बूंदो ने बगावत कर ली है' , दिल्ली पुलिस की बदसलूकी के बाद विनेश फौगाट का ट्वीट
दिल्ली में पहलवानों का प्रदर्शन अस्थायी तौर पर खत्म हो चुका है। रविवार को पुलिस ने कई पहलवानों को हिरासत में लिया। जिसके बाद विनेश फोगाट ने एक नया ट्वीट किया है।

जंतर-मंतर पर डेरा डाले पहलवानों ने रविवार को नए संसद भवन की ओर कूच किया था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उनके मंसूबो को नाकाम कर दिया। साथ ही उसे सख्ती करनी पड़ी। इस घटना के दौरान कई पहलवानों को हिरासत में लिया गया, लेकिन अभी उनका हौसला कम नहीं हुआ है।
विनेश फौगाट ने अपनी एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वो तिरंगे के साथ सड़क पर गिरी नजर आ रहीं, जबकि उनके ऊपर महिला पुलिसकर्मी रहती है, जो उनको काबू में करने की कोशिश करती है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि-
दरिया अब तेरी ख़ैर नहीं,
बूंदो ने बग़ावत कर ली है
नादां ना समझ रे बुज़दिल,
लहरों ने बग़ावत कर ली है,
हम परवाने हैं मौत समाँ,
मरने का किसको ख़ौफ़ यहाँ
रे तलवार तुझे झुकना होगा,
गर्दन ने बग़ावत कर ली है।
इससे पहले उन्होंने एक दूसरे ट्वीट में लिखा कि दिल्ली पुलिस को यौन शोषण करने वाले बृज भूषण के खिलाफ FIR दर्ज करने में 7 दिन लगते हैं और शांतिपूर्ण आंदोलन करने पर हमारे खिलाफ FIR दर्ज करने में 7 घंटे भी नहीं लगाए। क्या इस देश में तानाशाही शुरू हो गई है? सारी दुनिया देख रही है सरकार अपने खिलाड़ियों के साथ कैसा बर्ताव कर रही है। एक नया इतिहास लिखा जा रहा है।
जंतर-मंतर से सब कुछ हटाया
पहलवानों ने जंतर-मंतर पर टेंट-तंबू लगा लिया था। जब वो प्रदर्शन कर रहे थे, तो दिल्ली पुलिस की एक टीम ने उनको हिरासत में लिया, जबकि दूसरी टीम जंतर-मंतर पहुंची और वहां से टेंट-तंबू सब हटा दिया।
किन-किन धाराओं में FIR?
दिल्ली पुलिस ने आईपीसी की धारा- 147, 149, 186, 188, 332, 353, PDPP अधिनियम की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया है। इसमें पहलवान साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के साथ आयोजकों का भी नाम है। वहीं दूसरी ओर हरियाणा और यूपी से लगती सीमा पर अलर्ट जारी किया गया। माना जा रहा कि कुछ किसान संगठन पहलवानों के लिए दिल्ली कूच कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications