Wrestlers Protest: फोगाट बहनों के गंभीर चेहरे को हंसता हुआ कैसे दिखाया, जानिए इन ऐप के बारे में
बीते दिन देश की महिला पहलवान विनेश और संगीता फोगाट की हंसते हुए पुलिस वैन में तस्वीरें वायरल हुईं। बाद में बजरंग पुनिया ने इन तस्वीरों को फेक बताया। ऐसे में चलिये जानते हैं कि कुछ ऐसे फेस ऐप या फिर एडिटर के बारे में...

Face app or editor: पिछले कई दिनों से देश के पहलवानों का धरना प्रदर्शन जारी है। कल यानी नए संसद भवन के उद्घाटन के दिन जब इन पहलवानों को मार्च से रोका और पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की तो विनेश फोगाट और संगीता फोगाट दोनों बहनें एक दूसरे से लिपटकर सड़क पर ही लेट गईं।
वायरल हुई बहनों की तस्वीर
हर तरफ बस फोगाट बहनों की ही चर्चा हो रही थी। इस बीच सोशल मीडिया पर दोनों बहनों की एक तस्वीर जमकर वायरल हुई, जिसमें विनेश फोगाट और संगीता फोगाट दोनों ही बहनें पुलिस की वैन में हैं और मुस्कुरा रही हैं। हालांकि, इसके बाद उन्होंने खुद फोटो शेयर कर इसकी सच्चाई बताई। ऐसे में आइये जानते हैं उन सॉफ्टवेयर्स के बारे में, जिनकी मदद से आसानी से किसी का भी चेहरा या फिर चेहरे के हाव-भाव को बदला जा सकता है।
मौजूद हैं तमाम फेस एडिटर
जरूरी नहीं कि सोशल मीडिया पर जो आप देख रहे हों या फिर दिखाया जा रहा हो, वो सच ही है। आजकल इंटरनेट पर एक से बढ़कर एक फेस एडिटर्स टूल मौजूद हैं, जिनकी मदद से आप इंसान के हाव-भाव बदल सकते हैं। एडिटर की मदद से तस्वीरें देखकर शायद ही कोई बोल पाए कि ये एडिटेड हैं। चलिये बात करते हैं इन सॉफ्टवेयर या फिर एडिटर के बारे में...
रिफेस ऐप
ये एक ऐसा मशहूर ऐप है, जिसकी मदद से आप किसी इंसान के फेशियल एक्सप्रेशंस को पूरा का पूरा बदल सकते हैं। आप चाहें तो इसे मनोरंजक, फनी और चाहें तो इमोशनल बना सकते हैं। ये ऐप समय-समय पर अपडेट होता रहता है और इसमें नए-नए फीचर्ज ऐड होते रहते हैं। ये ऐप दुनियाभर में काफी मशहूर है।
फेसप्ले
फेसप्ले, जैसा कि नाम से ही समझ में आता है कि चेहरा बदल देने वाला एक लोकप्रिय एडिटर है। इसमें एक के साथ दूसरे इंसान का चेहरा बड़े आराम से बदला जा सकता है। इसमें आपको अलग अलग कॉस्प्ले वीडियो टेम्पलेट मिलते हैं, जिनकी मदद से आप काफी मजेदार तरीके से दूसरे के चेहरे के साथ अपना या फिर किसी का भी चेहरा मर्ज कर सकते हैं।
फेसमैजिक
एआई द्वारा संचालित फेसमैजिक किसी भी वीडियो, फोटो और जीआईएफ में आपके चेहरे को स्वैप करने में काम में लाया जाता है। ये ऐप गैलरी से आपको वीडियो या फिर फोटो एंबेड करने की परमिशन मांगता है। इस ऐप की मदद से आप बड़े ही आराम से चेहरे की अदला-बदली कर मजेदार तस्वीरें बना सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications