इस वैज्ञानिक ने क्यों कहा कि दुनिया कोरोना वायरस से जंग हार गई है?
नई दिल्ली। भारत समेत पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस से लड़ रही है। इस बीच एक बड़े वैज्ञानिक ने इस मामले में जो कहा वो किसी को भी चिंताजनक लग सकता है। उन्होंने कहा है कि दुनिया की कोरोना वायरस से जो जंग चली, वो अब खत्म हो गई है। इम्पेरल कॉलेज ऑफ लंदन के प्रोफेसर नील फर्ग्यूसन ने कहा कि 'दुनिया ने मिलकर इस वायरस को रोकने की पूरी कोशिश की' लेकिन फेल हो गई।

80 से भी अधिक देशों में फैला वायरस
उन्होंने बीबीसी टुडे के एक कार्यक्रम में कहा, 'आप आंकड़े देख सकते हैं, कई देश प्रभावित हो रहे हैं, ये जंग अब खत्म हो चुकी है।' बता दें दुनियाभर के 80 से भी अधिक देशों में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामले सामने आए हैं। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक फर्ग्यूसन ने कहा, 'अब हम बीमारी को फैलने से रोकनी की कोशिश कर रहे हैं।' हालांकि उन्होंने ये नहीं कहा कि विभिन्न देशों को इसे रोकने के लिए क्या करना चाहिए।

भारत में 29 मामलों की पुष्टि
वायरस चीन से शुरू हुआ था और अब दक्षिण कोरिया, जापान, इटली और ईरान में तेजी से फैलता जा रहा है। भारत में इसके 29 मामले सामने आ गए हैं। वायरस के फैलने का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ये एक ही व्यक्ति से अन्य व्यक्तियों में काफी तेजी से फैलता है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए इटली में किस (kiss) पर बैन लगाने की मांग की जा रही है। यहां सभी स्कूलों को बंद करने का विचार भी चल रहा है।

'अभी शुरुआती चरण में हैं'
प्रोफेसर ने आगे कहा, 'हमें शुरुआत में ही कई संकेत मिल गए थे, कि ये फैलता है, लेकिन हम अब भी कई हफ्ते पीछे हैं, उदारहण के तौर पर इटली। हम अभी शुरुआती चरण में हैं, मैं ये नहीं कह रहा कि हमारे पास काफी समय है, ताकि हम फैसला ले सकें और इससे बचाव के उपाय बताते रहें।'

दुनियाभर की सरकारें सतर्क
जानकारी के लिए बता दें वायरस के फैलने के बाद से दुनियाभर की सरकारें सतर्क हो गई हैं। भारत के विभिन्न राज्यों में भी इसे लेकर सभी तरह से प्रयास किए जा रहे हैं। यहां अभी तक 29 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें 1 व्यक्ति इटली से दिल्ली में सफर करके आया था, उसने अपने 6 रिश्तेदारों को संक्रमित किया है। 16 इटालियन ग्रुप के लोगों और 1 भारतीय ड्राइवर भी संक्रमित है। तेलंगाना में भी 1 व्यक्ति को वायरस हुआ है। इसके साथ ही बुधवार शाम गुरुग्राम में एक मामले की पुष्टि हुई है। जबकि पहले तीन मामले केरल से सामने आए थे।












Click it and Unblock the Notifications