Assam: कोयला खदान में अचानक भरा पानी, 15 मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Assam Coal Mine: असम के दीमा हसाओ जिले के उमरंगसो इलाके में सोमवार (06 जनवरी, 2025) को एक कोयला खदान में पानी भर जाने के कारण 15 मजदूर फंस गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, खदान में अचानक पानी घुसने से मजदूर भूमिगत फंस गए और उन्हें बाहर निकलने का समय नहीं मिल पाया।
दीमा हसाओ के एसपी मयंक कुमार झा ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, "हमारे पास फिलहाल मजदूरों की सही संख्या की जानकारी नहीं है, लेकिन यह सुनिश्चित है कि कुछ लोग खदान में फंसे हुए हैं।" घटना की जानकारी मिलने के बाद, रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू किया गया और टीमें फंसे हुए मजदूरों को बाहर निकालने के लिए भरपूर कोशिश कर रही हैं।

खदान में अचानक भरा पानी,मची अफरा-तफरी
तमाम मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खदान में अचानक पानी भरने के कारण मजदूरों के भागने का रास्ता बंद हो गया। प्रारंभिक रिपोर्टों में बताया गया है कि अंडरग्राउंड वाटर सोर्स में सेंध लगने की वजह से पानी घुसा होगा। चश्मदीदों ने बताया कि पानी का स्तर तेजी से बढ़ने से अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचा।
घटना के बाद, स्थानीय अधिकारियों ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमों को मौके पर भेजा और बचाव कार्य शुरू किया। खदान से पानी निकालने के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है और कई लोगों को बचाव कार्य में लगाया गया है।
CM हिमंत बिस्वा सरमा ने सेना से मांगी मदद
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट करते हुए कहा, "उमरंगशु से दुःखद खबर आई है, जहां कोयला खदान में मजदूर फंसे हुए हैं। फिलहाल फंसे हुए मजदूरों की संख्या और स्थिति की जानकारी नहीं मिल पाई है।
जिलाधिकारी (DC), पुलिस अधीक्षक (SP) और मेरे सहकर्मी कौशिक राय घटना स्थल की ओर बढ़ रहे हैं। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) भी अपनी टीमों के साथ घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं ताकि बचाव कार्य में मदद की जा सके। उन्होंने जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना की सहायता की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications