MP News: सिवनी की बेटी रंजीता धुर्वे का स्टार्ट-अप बना मिसाल, अगरबत्ती उद्योग से 10 महिलाओं को मिला रोजगार
मध्य प्रदेश के सिवनी में रंजिता धुर्वे ने पंच परमेश्वरी मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना की, एक धूपबत्ती मशीन को दस मशीनों के परिचालन में बदल दिया। 10,00,000 रुपये के निवेश के साथ, व्यवसाय अब 25,00,000 रुपये का वार्षिक टर्नओवर रिपोर्ट करता है, जिसमें दस महिलाओं को रोज़गार मिलता है और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को लक्षित किया जाता है।
मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयास अब जमीनी स्तर पर सफल होते नजर आ रहे हैं। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण सिवनी जिले की रंजीता धुर्वे हैं, जिन्होंने अपने स्टार्ट-अप के जरिए न केवल खुद को आत्मनिर्भर बनाया, बल्कि अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराया।

रंजीता धुर्वे द्वारा स्थापित ‘पंच परमेश्वरी मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड’ आज सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अगरबत्ती उद्योग के रूप में शुरू हुए इस स्टार्ट-अप ने एक मशीन से शुरुआत कर आज 10 मशीनों तक का सफर तय किया है। इस इकाई में वर्तमान में 10 महिलाओं को रोजगार मिल रहा है।
रंजीता ने बताया कि उन्होंने इस उद्योग में करीब 10 लाख रुपये का निवेश किया और आज उनका वार्षिक टर्नओवर 25 लाख रुपये तक पहुंच चुका है। यह स्टार्ट-अप अगरबत्ती, धूपबत्ती और हवन सामग्री का उत्पादन करता है और सिवनी जिले का पहला स्टार्ट-अप माना जा रहा है।
सिवनी जिले के लुघरवाड़ा गांव की निवासी रंजीता धुर्वे ने वर्ष 2023 में इस उद्यम की शुरुआत की थी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर इस व्यवसाय को सफल बनाया।
उन्होंने बताया कि उन्हें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिली, जिससे उन्हें आगे बढ़ने में मदद मिली। जिला उद्योग केंद्र, सिवनी का सहयोग भी उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुआ।
रंजीता का लक्ष्य अब अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। उनका कहना है कि भविष्य में वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर और अधिक महिलाओं को रोजगार देना चाहती हैं।
रंजीता धुर्वे की यह सफलता कहानी न केवल महिला उद्यमिता को बढ़ावा देती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ इच्छाशक्ति से छोटे स्तर से शुरू किया गया कार्य भी बड़ी उपलब्धि में बदला जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications