'मुझसे शर्ट उतारने के लिए कहा गया, मैं समीज में खड़ी रही...', महिला ने बताई एयरपोर्ट की आपबीती
एक महिला ने ट्वीट कर आरोप लगाया है कि बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के नाम पर उसकी शर्ट उतरवाई गई और वो सिक्योरिटी पॉइंट पर केवल एक समीज में खड़ी रही।

दिल्ली के कंझावला इलाके में अंजलि नाम की लड़की के साथ हुई घटना ने जहां पूरे देश को हिलाकर रख दिया, वहीं इस बीच कर्नाटक के बेंगलुरु एयरपोर्ट से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल एक महिला ने ट्वीट कर आरोप लगाया है कि बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान उससे शर्ट उतारने के लिए कहा गया। महिला ने बताया कि ये सब उसके लिए काफी अपमानजनक है। एयरपोर्ट अधिकारियों पर सवाल उठाते हुए, महिला ने अपने ट्वीट में पूछा कि आखिर बेंगलुरु एयरपोर्ट को एक महिला की शर्ट उतरवाने की क्या जरूरत थी?

'शर्त उतरवाने की आखिर क्या जरूरत थी'
कृष्णि गढ़वी नाम की इस महिला ने अपनी आपबीती सुनाते हुए ट्वीट में लिखा, 'सुरक्षा जांच के दौरान बेंगलुरु एयरपोर्ट पर मुझसे मेरी शर्ट उतारने के लिए कहा गया। सिक्योरिटी चेक पॉइंट पर केवल एक समीज में खड़े रहना और एक महिला के लिए ये सब सहना, वाकई बहुत अपमानजनक है। बेंगलुरू एयरपोर्ट आपको एक महिला की शर्त उतरवाने की आखिर क्या जरूरत थी?' कृष्णि गढ़वी ने अपने ट्वीट में बेंगलुरु एयरपोर्ट को टैग भी किया है।

'आपको हुई परेशानी के लिए हमें गहरा खेद है'
महिला के ट्वीट के बाद बेंगलुरु एयरपोर्ट ने भी घटना पर खेद प्रकट किया और रिप्लाई करते हुए लिखा कि वो इस मामले को सुरक्षा जांच टीम के पास भेजेंगे। अपने जवाब में बेंगलुरु एयरपोर्ट ने लिखा, 'हेलो कृष्णि गढ़वी, आपको हुई परेशानी के लिए हमें गहरा खेद है और ऐसा नहीं होना चाहिए था। हमने इस मामले को अपनी ऑपरेशन टीम के सामने रखा है और सुरक्षा जांच करने वाली सीआईएसएफ के पास भी भेजा है।'

'सुरक्षा सर्वोपरि, लेकिन लोगों को अपमानित ना करें'
इसके साथ ही बेंगलुरु एयरपोर्ट ने कृष्णि गढ़वी से जल्द से जल्द उनसे संपर्क करने के लिए कॉन्टेक्ट डिटेल मांगी है, ताकि मामले की ज्यादा जानकारी ली जा सके। कृष्णि गढ़वी के ट्वीट पर कुछ और लोगों ने भी कमेंट किए हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'एक एयरपोर्ट और उसकी सुरक्षा टीम के लिए यह बहुत ही गलत है। सुरक्षा सर्वोपरि है, लेकिन इसका इस्तेमाल लोगों को अपमानित करने के लिए ना करें।' हालांकि अभी तक ये जानकारी नहीं मिल पाई है कि ये महिला घरेलु फ्लाइट के लिए एयरपोर्ट पहुंची थी या फिर इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए।












Click it and Unblock the Notifications