104 साल की बुजुर्ग महिला की ये तस्वीर क्यों हो रही है Viral, हैरान हो जाएंगे जानकर
नई दिल्ली, 13 अप्रैल: इंटरनेट पर 104 साल की एक महिला का फोटो बुधवार को खूब वायरल हुआ है। यूजर्स उस महिला की कामयाबी के बारे में सुनकर दंग हैं। उनकी सफलता से खुद उन्हें कितनी खुशी मिली है, वह तस्वीर देखने के बाद बयां करने की जरूरत नहीं रह गई है। लेकिन, अच्छी बात यह है कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोपों से अलग इसबार सोशल मीडिया पर एक अच्छी बात के लिए लोग अपनी राय दे रहे हैं और कुट्टियम्मा के करिश्मे से प्रेरित भी हो रहे हैं। यह तस्वीर छत्तीसगढ़ कैडर के एक वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी ने शेयर की है।

केरल साक्षरता टेस्ट में आया 89/100 नंबर
खिलखिला कर हंस रही ये महिला अपनी जिंदगी में 104 बसंत देख चुकी हैं। आज इनकी मुस्कुराहट इंटरनेट पर छाई हुई है। इस वायरल तस्वीर को आईएएस अधिकारी अवनीश शरण ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। ये बुजुर्ग दिल से हंस रही हैं तो इसके पीछे इनकी खुशी भी वैसी ही है। इन्होंने केरल साक्षरता टेस्ट में 89/100 लाए हैं। उनकी यह खुशी इस मुस्कुराहट में बयां हो रही है और इसलिए इंटरनेट पर भी यह तस्वीर तहलका मचा रही है। अवनीश शरण के इस वायरल पोस्ट पर लगातार प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। लाइक्स और रिट्विट्स की झरी लग गई है। एक यूजर ने अपने कमेंट में लिखा है कि 'ऐसा लग रहा है कि वो 11 अंकों से पीछे रहने पर चौंक रही हों!' वहीं दूसरे यूजर ने लिखा है, 'कुट्टियम्मा पाती को 89% स्कोर लाने और यह साबित करने के लिए कि उम्र सिर्फ एक नंबर है, के लिए के लिए बधाई।'

यूजर्स दे रहे हैं एक से एक प्रतिक्रिया
100 साल की उम्र सीमा पार कर चुकीं इस बुजुर्ग का नाम कुट्टियम्मा है। उनकी तस्वीर शेयर करते हुए अवनीश शरण ने लिखा है, 'कोट्टयम की रहने वाली 104 साल की कुट्टियम्मा ने केरल साक्षरता मिशन टेस्ट में 89/100 स्कोर किया है। उनकी मुस्कुराहट को देखिए।' इसके साथ ही उन्होंने दिल की इमोजी लगाई है। उनकी यह यह तस्वीर सही मायने में सोशल मीडिया यूजर्स को प्रेरित कर रही है और यह कमेंट से जाहिर हो रहा है। एक यूजर ने लिखा है, 'आप एक नया लक्ष्य तय करने या कुछ नया सीखने के लिए कभी भी बहुत बूढ़ी नहीं होंगी। कुट्टियम्मा को बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी मुस्कुराहट ने हमारे दिन में चमक ला दिया है।' एक यूजर ने लिखा है, 'उनकी अनमोल मुस्कान को देखो....आज की सबसे प्यारी तस्वीर मैंने देखी है।'(ऊपर वाली तस्वीर-5 अगस्त, 2018 की है। इसमें 96 साल की कार्तियिनी अम्मा ने इस परीक्षा में 98/100 अंक प्राप्त किए थे।)
इंटरनेट पर वायरल हो रही है यह तस्वीर
खबर लिखने तक अवनीश शरण की पोस्ट पर 32 हजार के करीब लाइक्स मिल चुके हैं और लगभग 2,500 बार इसे रिट्वीट किया जा चुका है। एक युजर ने इस पर प्रतिक्रिया दी है कि 'शिक्षा की कोई सीमा नहीं है' और उसने इसे पीएमओ इंडिया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को टैग करके भेज दिया है। वैसे कुछ रिपोर्ट में ऐसा भी दावा किया जा रहा है कि यह वायरल तस्वीर असल में पुरानी है और यह अभी यूजर्स की नजर में आई है। हालांकि, वनइंडिया स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं कर पाया है। लेकिन, इतना तो जरूर है कि इस तस्वीर ने मन को जरूर खुश कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications