रमेश बिधूड़ी जब दानिश अली को 'गाली' दे रहे थे, तो लोकसभा में स्पीकर की कुर्सी पर कौन बैठा था?
BSP MP Danish Ali VS BJP MP Ramesh Bidhuri: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साउथ दिल्ली से सांसद रमेश बिधूड़ी ने संसद में 21 सितंबर को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद दानिश अली के लिए जब से अपशब्द कहे हैं, तब से इस मुद्दे पर सियासी बवाल छिड़ा हुआ है। भाजपा और विपक्षी नेता एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
दानिश अली, रमेश बिधूड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं भाजपा के नेताओं का कहना है कि दानिश अली ने रमेश बिधूड़ी को उकसाया था। भाजपा सासंद निशिकांत दुबे ने तो ये भी आरोप लगाया है कि दानिश अली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'नीच' कहते हैं।

इन सबके बीच एक सवाल उठ रहा है कि आखिर लोकसभा में जब रमेश बिधूड़ी दानिश अली को 'गाली' दे रहे थे तो लोकसभा में स्पीकर की कुर्सी पर कौन बैठा था? ये सवाल लोगों ने सोशल मीडिया पर इसलिए उठाया है क्योंकि अगर लोकसभा में स्पीकर की कुर्सी पर गाली-गौलज के वक्त लोकसभा के स्पीकर ओम बिड़ला बैठे होते तो शायद, रमेश बिधूड़ी अपनी हदें नहीं पार करते।
ओम बिड़ला हमेशा से अपने बेबाक अंदाज और तीव्र प्रतिक्रिया देने के लिए जाने जाते हैं। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि अगर लोकसभा के स्पीकर ओम बिड़ला, उस वक्त सदन में स्पीकर की कुर्सी पर बैठे होते तो, वह रमेश बिधूड़ी को कंट्रोल कर लेते और उनको शांत करवा बिठा देते।
खैर, चलिए हम आपको बताते हैं कि रमेश बिधूड़ी, जब विवादित टिप्पणी कर रहे थे तो लोकसभा में स्पीकर की कुर्सी पर कौन बैठा था। असल में इस पूरे विवाद के दौरान स्पीकर के आसन पर उस वक्त केरल से कांग्रेस के सांसद के सुरेश ( Kodikunnil Suresh) बैठे थे।
क्यों ओम बिड़ला की जगह बैठे थे के सुरेश?
जब यह घटना हुई तब सभापति पैनल के सदस्य के रूप में के सुरेश लोकसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता कर रहे थे। जब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों उपस्थित नहीं होते हैं तो, पैनल के सदस्य सदन की कार्यवाही की अध्यक्षता करते हैं।
सांसद ने कहा, "जब से मैंने लोकसभा में सभापति के पैनल में शामिल होने की जिम्मेदारी संभाली है तो, मेरा प्रयास संविधान की भावना को सुनिश्चित करना और सदन के मूल्यों को बनाए रखना है।"
के सुरेश ने ओम बिड़ला को लिखा पत्र
के सुरेश लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक हैं। अब के सुरेश ने ओम बिड़ला को पत्र लिखकर रमेश बिधूड़ी को सदन में दानिश अली के खिलाफ इस्तेमाल किए गए सांप्रदायिक अपशब्दों के लिए तत्काल निलंबित करने की मांग की है।
के सुरेश ने यह भी मांग की कि इस मामले को विशेषाधिकार समिति को भेजा जाए। उन्होंने कहा कि, "एक सासंद का हमारे लोकतंत्र के पवित्र हॉल में नफरत फैलाने वाले की तरह व्यवहार करना हैरान करने जैसा है, जिसे कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए"।
जानिए क्या हुआ था, जब लोकसभा में रात को रमेश बिधूड़ी देने लगे थे गाली...?
रमेश बिधूड़ी 21 सितंबर 2023 को नई संसद में विशेष सत्र के चौथे दिन लोकसभा में चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर बोल रहे थे। उस वक्त रात के 10 बजकर 52 मिनट का वक्त हो रहा था।
रमेश बिधूड़ी चंद्रयान की सफलता पर 107 सेकेंड बोले, उसी दौरान उनको पीछे से दानिश अली की आवाज आई, जिसके बाद रमेश बिधूड़ी भड़क गए और दानिश अली के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने लगे और बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। रमेश बिधूड़ी ने एक मिनट तक लगातार 11 गालियां दानिश अली को दी थी।












Click it and Unblock the Notifications